नईदिल्ली: दिल्ली मेट्रो में सफर करने वालों के लिए बड़ा बदलाव हुआ है। दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने एक बार फिर लंबे समय के बाद अपने किराए में बढ़ोतरी की है। ये आज यानी 25 अगस्त से लागू हो गई है। सभी लाइनों पर 1 रुपये से 4 रुपये तक और एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन पर 1 रुपये से 5 रुपये तक की वृद्धि की गई है। इसकी जानकारी DMRC ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर पोस्ट कर दी।
दिल्ली मेट्रो में किराए की बढ़ोतरी यात्रा की दूरी के आधार पर 1 से 4 रुपये तक की गई है। एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन के लिए यह बढ़ोतरी 5 रुपये तक है। DMRC के अनुसार, आज से न्यूनतम किराया 11 रुपये और अधिकतम 64 रुपये हो गया है, इससे पहले न्यूनतम किराया 10 रुपये और अधिकतम 60 रुपये था।
DMRC ने पोस्ट किया कि दिल्ली मेट्रो सेवाओं के यात्री किराए में आज, यानी 25 अगस्त 2025 (सोमवार) से संशोधन किया गया है। यह बढ़ोतरी न्यूनतम है, जो यात्रा की दूरी के आधार पर केवल 1 से 4 रुपये तक है (एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन के लिए 5 रुपये तक)। दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) नए किराए के अनुसार, सामान्य दिनों में 0 से 2 किलोमीटर की दूरी तय करने पर अब 10 के बजाय 11 रुपये देने होंगे, जबकि 2 से 5 किलोमीटर के लिए 21 रुपये, 5 से 12 किलोमीटर के लिए 32 रुपये, 12 से 21 किलोमीटर के लिए 43 रुपये और 21 से 32 किलोमीटर की दूरी के लिए 54 रुपये किराया देना होगा। वहीं, 32 किलोमीटर से अधिक की यात्रा का अधिकतम किराया 64 रुपये तय किया गया है।
राष्ट्रीय अवकाश और रविवार के दिन भी किरायों के स्लैब्स में कुछ बढ़ोतरी देखी गई है। राष्ट्रीय अवकाश और रविवार के दिन 5 किलोमीटर तक की यात्रा के लिए 11 रुपये, 5 से 12 किलोमीटर के लिए 21 रुपये, 12 से 21 किमी के लिए 32 रुपये, 21 से 32 किमी के 43 रुपये। और 32 किलोमीटर से अधिक दूरी के लिए 54 रुपये देने होंगे। आपको बता दें कि पहले मेट्रो के सभी किराए 10 के गुणज (मल्टीपल) में होते थे, यानी 10, 20, 30, 40, 50 और 60। हालांकि इस हाइक के बाद भी स्मार्ट कार्ड उपयोगकर्ताओं को पहले की तरह 10% की छूट और ऑफ-पीक आवर्स में अतिरिक्त 10% की छूट मिलती रहेगी।
दिल्ली मेट्रो का पिछली बार किराया संशोधन वर्ष 2017 में किया गया था। तब यह संशोधन चौथी किराया निर्धारण समिति (Fourth Fare Fixation Committee) की सिफारिशों के आधार पर हुआ था। इसके बाद से अब तक किराया जस का तस बना हुआ था। DMRC ने कहा है कि यह संशोधन “नाममात्र की बढ़ोतरी” है, जिसे यह संशोधन संचालन लागत, रखरखाव और यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए किया गया है।

More Stories
मंदसौर जिला अस्पताल में 29 करोड़ के विकास कार्यों का हुआ लोकार्पण एवं भूमि-पूजन
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने साबित किया बहुमत, विधानसभा में विश्वास मत प्रस्ताव पारित
मौसम विभाग ने मप्र, यूपी सहित 10 राज्यों में दो दिन लू का येलो अलर्ट जारी