April 20, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

पेंशनर्स की लंबित मांग को 100 दिनों में पूरा करने पर सीएम यादव का आभार करने कार्यक्रम का हुआ आयोजन, बड़ी संख्या में पेंशनर्स हुए शामिल

उज्जैन: विक्रम विश्वविद्यालय उज्जैन के शलाका दीर्घा सभागार में हुए एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम में विक्रम विश्वविद्यालय उज्जैन पेंशनर समाज, विक्रम विश्वविद्यालय शिक्षक संघ, तृतीय श्रेणी एवं चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी संघ के समस्त पदाधिकारियों, कार्यकारिणी तथा सदस्यों द्वारा मध्यप्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित की गई।

कल भोपाल में मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में सम्पन्न कैबिनेट में प्रदेश के शासकीय विश्वविद्यालयीन पेंशनर्स को सातवें वेतनमान अनुसार पेंशन देने हेतु अपनी स्वीकृति प्रदान की गई है। इस उपलक्ष्य में आज शुक्रवार को विक्रम विश्वविद्यालय उज्जैन के माधव भवन पर सभी पेंशनर और कार्यरत शिक्षकों, अधिकारियों, कर्मचारियों ने एकत्रित होकर मुख्यमंत्री एवं कैबिनेट के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किए।

मप्र विश्वविद्यालयीन पेंशनर्स एसोसिएशंस महासंघ की वर्षों से लंबित समस्या को 100 दिनों के अंदर ही समाधान करने पर मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव को प्रदेश भर से कोटि-कोटि आभार दिया गया। उज्जैन में आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित जनों द्वारा ढोल ढमाकों के साथ आतिशबाजी की गई।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कुलपति प्रो अखिलेश कुमार पांडेय ने की। इस अवसर पर मप्र विश्वविद्यालयीन पेंशनर्स एसोसिएशंस महासंघ के अध्यक्ष डॉ गोपाल कृष्ण शर्मा, कुलसचिव डॉ अनिल कुमार शर्मा, प्रो पुरुषोत्तम वशिष्ठ आदि ने विचार व्यक्त किए।

अपने उद्बोधन में प्रो गोपाल कृष्ण शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के नेतृत्व में सम्पन्न हुई मंत्रिपरिषद् की बैठक में मध्यप्रदेश के शासकीय विश्वविद्यालयों के समस्त पेंशनर्स को सातवें वेतनमान के आधार पर पेंशन दिये जाने के निर्णय से वर्षों से चली आ रही समस्या के समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाया गया है, उनके सक्षम नेतृत्व ने सही परिप्रेक्ष्य में सम्पूर्ण मामले को समझते हुए यह निर्णय लिया है। इस ऐतिहासिक निर्णय के लिये मध्यप्रदेश शासकीय विश्वविद्यालयीन पेंशनर्स महासंघ की ओर से विनम्र आभार व्यक्त करता हूँ। मुख्यमंत्री द्वारा शासकीय विश्वविद्यालयों को उनका उचित सम्मान दिलाने दिलाया जा रहा है। साथ ही महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों के बीच की खाई को पाटने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई जा रही है।

कुलपति प्रो अखिलेश कुमार पांडेय ने विश्वविद्यालय के पेंशनर्स की समस्या के समाधान के लिए मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के प्रति विक्रम विश्वविद्यालय परिवार की ओर से हार्दिक आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर शिक्षक संघ के अध्यक्ष डॉ कानिया मेड़ा, कर्मचारी संघ के संजय गोस्वामी, शकमल जोशी, सन्तोष मालवीय, लक्ष्मीनारायण संगत, विनोद खले आदि ने धन्यवाद व्यक्त किया।

कार्यक्रम में पूर्व कुलपति प्रो बालकृष्ण शर्मा, कुलानुशासक प्रो शैलेंद्रकुमार शर्मा, पूर्व डीएसडब्ल्यू प्रो राकेश ढंड, प्रो डी डी बेदिया आदि सहित बड़ी संख्या में विश्वविद्यालय के पेंशनर्स, शिक्षक, कर्मचारी उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन कर्मचारी संघ के उपाध्यक्ष कमल जोशी ने किया। आभार प्रदर्शन पेंशनर्स समाज के उमाशंकर भट्ट ने किया।

Share to...