हैदराबाद: तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में आज सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। हैदराबाद की प्रसिद्ध चारमिनार इलाके में गुलजार हाउस के पास एक बिल्डिग में भीषण आग लग गई। इस घटना में आग में झुलसने से 17 लोगों की मौत हो गई है, जबकि कई लोग घायल हो गए हैं।
आग लगने की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने राहत व बचाव कार्य शुरू कर दिया है। घटना रविवार की सुबह करीब पांच से छह बजे के बीच की है। अभी तक आग के कारणों का पता नहीं चल सका है। आशंका है कि इमारत में लगी एसी में शार्ट सर्किट की वजह से आग लगी होगी। फिलहाल मौके पर फायर ब्रिगेड की 11 गाड़ियां आग बुझाने में जुटी हैं। वहीं घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए 10 एंबुलेंस भी बुलाई गईं हैं। फायर बिगेड के मुताबिक काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू तो पा लिया गया है। हालांकि इतने प्रयास के बाद भी आग में फंसे 8 लोगों को नहीं बचाया जा सका।
दमकल कर्मियों के मुताबिक अभी भी इस इमारत में चार परिवारों के दर्जनों लोग फंसे हैं। अब तक जिन लोगों को बाहर निकाला गया है, उनमें तीन बच्चों सहित 14 लोग शामिल है। यह सभी बुरी तरह झुलसे हुए हैं। इन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां इनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। स्थानीय लोगों के मुताबिक इस इमारत में 30 से अधिक लोग रह रहे थे। इनमें ज्यादातर किराएदार थे।
पुलिस के मुताबिक, इमारत में आग के कारणों का पता लगाया जा रहा है। अब तक मिली जानकारी के मुताबिक रात में बहुत गर्मी थी और मकान में लगे सभी एसी चल रहे थे। इसकी वजह से मकान की वायरिंग गर्म हो गई। इसी दौरान वायरिंग में आग लग गई और इसमें से निकली चिंगारी ने देखते ही देखते भयानक रूप ले लिया। स्थानीय लोगों के मुताबिक, आग इतनी तेजी से फैली की लोगों को बाहर भागने का भी मौका नहीं मिला।
तेलंगाना के मंत्री पोन्नम प्रभाकर घटनास्थल पर पहुंचे। जहां मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा, “आग सुबह करीब 6 बजे लगी और 6:16 बजे तक तेलंगाना सरकार का अग्निशमन विभाग मौके पर पहुंच गया था। उन्होंने सभी को बचाने की कोशिश की। लेकिन आग बहुत फैल चुकी थी… इमारत के अंदर मौजूद ज़्यादातर लोगों की मौत हो गई है। मुख्यमंत्री ने परिवार से बात की है (जो उस इमारत में रह रहे थे जिसमें आग लगी थी)। राज्य सरकार परिवार को पूरी मदद करेगी। हम आग से सुरक्षा सुनिश्चित करने और भविष्य में ऐसी किसी भी घटना से बचने के लिए पूरी समीक्षा करेंगे। इसमें जनता को भी अग्निशमन विभाग का साथ देना होगा।”
केंद्रीय मंत्री और राज्य भाजपा प्रमुख जी किशन रेड्डी कहते हैं, “आग एक परिवार की मोती की दुकान में लगी थी। उनका घर दुकान के ऊपर की मंजिल पर था। शॉर्ट सर्किट की वजह से यह हादसा हुआ। इस हादसे में कई लोगों की मौत हो गई है।”
उन्होंने कहा कि मैं किसी को दोष नहीं दे रहा, लेकिन चूंकि हैदराबाद एक तेजी से विकसित हो रहा शहर है, इसलिए पुलिस, नगर निगम, अग्निशमन और बिजली विभागों को मजबूत किया जाना चाहिए। यहां अग्निशमन विभागों के पास पर्याप्त उपकरण नहीं हैं। परिवार ने मुझे बताया कि सुबह 7:30 बजे तक दमकल गाड़ियों के पास पर्याप्त उपकरण नहीं थे। राज्य सरकार को अग्निशमन विभाग को और धन आवंटित करना चाहिए। प्रधानमंत्री से बात करने के बाद, मैं केंद्र सरकार से मृतकों के परिवारों के लिए वित्तीय सहायता दिलवाऊंगा।
राज्य के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी ने घटना पर शोक व्यक्त किया और वरिष्ठ अधिकारियों को निर्देश दिया कि इमारत में फंसे लोगों को बचाने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएं।

More Stories
जम्मू कश्मीर के उधमपुर में बड़ा बस हादसा, 7 यात्रियों की मौत कई घायल
अक्षय तृतीया पर श्री महाकालेश्वर को 22 लाख का महाभोग: पुणे के परिवार ने अर्पित किए 1250 किलो हापुस आम और 1250 ग्राम केसर
मौसम विभाग ने 15 राज्यों में तूफानी बारिश के साथ आंधी चलने व कई राज्यों में भीषण गर्मी का अलर्ट किया जारी