September 29, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

Hajj Pilgrimage News: साल 2027 के हज के लिए सऊदी प्रशासन की बड़ी तैयारी, डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर का हुआ विस्तार

सऊदी अरब ने 2027 में होने वाले हज को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं. इस बीच सऊदी के हज और उमरा मंत्रालय ने विदेशी जायरीनों के लिए एक व्यापक सेवा पैकेज का ऐलान किया है. जिसके तहत हज यात्रा से जुड़ी तमाम जरूरी सेवाओं को एक ही इलेक्ट्रॉनिक कॉन्ट्रैक्ट में शामिल किया गया है. ऐसे में आइये जानते हैं कि मुसलमानों को इससे क्या फायदा होगा?

जानकारी के मुताबिक यह पैकेज इलेक्ट्रॉनिक पाथ प्लेटफॉर्म के जरिए दिया जाएगा. बताया जा रहा है कि इसमें जायरीन के सऊदी अरब पहुंचने से लेकर उनकी वापसी तक की जरूरी व्यवस्थाएं शामिल होंगी. इसे जायरीनों की जरूरतों को पूरा करने के लिए खास तरह से डिजाइन किया गया है.

एक पैकेज में मिलेंगी चार खास सेवाएं

हज और उमरा मंत्रालय के मुताबिक इस नए पैकेज में चार मुख्य सेवाओं को शामिल किया गया है. इनमें पवित्र स्थलों पर सेवाएं, मक्का और मदीना में ठहरने की व्यवस्था, ट्रांसपोर्ट और खाने-पीने की सुविधा शामिल है. इसके अलावा जायरीनों के लिए कुछ वैकल्पिक और अतिरिक्त सेवाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी.

जायरीनों की यात्रा को आसान बनाना मकसद

इस व्यवस्था का मकसद हज करने आए विदेशी जायरीनों की यात्रा को आसान बनाना है. जायरीन एक ही पैकेज में हज यात्रा की सभी बुनियादी सेवाएं पा सकते हैं. मंत्रालय ने कहा कि इस सिस्टम से विदेशी हज मामलों के कार्यालयों और एजेंसियों को एक स्पष्ट और लचीले कॉन्ट्रैक्ट के दायरे में अलग-अलग जायरीनों के समूहों के लिए खास प्रोग्राम बनाने में मदद मिलेगी.

2027 के हज की तैयारियां शुरू

सऊदी अरब ने 1448 हिजरी यानी 2027 के हज सीजन के लिए शुरुआती तैयारियां पहले ही शुरू कर दी हैं. मंत्रालय ने 75 से ज्यादा देशों का प्रतिनिधित्व करने वाले हज मामलों के कार्यालयों के साथ बैठकें भी शुरू कर दी हैं. इन बैठकों में संचालन से जुड़ी योजनाओं, नियमों और जरूरी व्यवस्थाओं की समीक्षा की जा रही है. यह पहल सऊदी अरब के विजन 2030 और पिलग्रिम एक्सपीरियंस प्रोग्राम के उद्देश्यों के अनुरूप है. इसका मकसद हज और उमरा करने आए जायरीनों के अनुभव को बेहतर बनाना और पूरी प्रक्रिया को अधिक व्यवस्थित करना है.

डिजिटल हज इंफ्रास्ट्रक्चर का विस्तार

सऊदी अरब ने हाल के सावों में अपने डिजिटल हज इंफ्रास्ट्रक्चर का भी विस्तार किया है. मंत्रालय के इलेक्ट्रॉनिक प्लेटफ़ॉर्म जायरीनों और सर्विस प्रोवाइडर्स के लिए कॉन्ट्रैक्टिंग, ऑपरेशनल गतिविधियों और वीजा प्रक्रियाओं को एक ही सिस्टम से जोड़ते हैं. नए इलेक्ट्रॉनिक पैकेज को भी इसी डिजिटल व्यवस्था का हिस्सा माना जा रहा है.

Share to...