May 21, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

देवास के टोंककला पटाखा फैक्ट्री विस्फोट मामले का मुख्य आरोपी मुकेश विज नईदिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार

देवास : देवास के चर्चित टोंककला पटाखा फैक्ट्री विस्फोट मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी हैं। मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी मुकेश विज को देवास पुलिस ने आज गुरुवार सुबह नई दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी चीन के ग्वांग्झू शहर से फ्लाइट द्वारा भारत लौटा था। देवास पुलिस की विशेष टीम पहले से एयरपोर्ट पर अलर्ट थी और “लुक आउट सर्कुलर (LOC)” के आधार पर उसे दबोच लिया गया।

पुलिस ने इस मामले में एक अन्य फरार आरोपी महेश चौहान, निवासी उत्तराखंड, को भी दिल्ली से गिरफ्तार किया है। इससे पहले फैक्ट्री लाइसेंसी अनिल मालवीय, मुख्य ठेकेदार मोहम्मद अयाज तथा संयुक्त संचालक कपिल विज की गिरफ्तारी भी की जा चुकी है। अब तक इस प्रकरण में कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

एसपी देवास पुनीत गेहलोद ने बताया कि फरार आरोपियों की तलाश और तकनीकी जांच के लिए 13 सदस्यीय एसआईटी का गठन किया गया था। साथ ही दोनों फरार आरोपियों पर 10-10 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था। पुलिस की टीमें लगातार दिल्ली सहित विभिन्न स्थानों पर दबिश दे रही थीं।

यह कार्रवाई मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के सख्त निर्देश एवं डीजीपी कैलाश मकवाना के मार्गदर्शन में की गई। एडीजी उज्जैन जोन राकेश गुप्ता एवं डीआईजी उज्जैन रेंज नवनीत भसीन के पर्यवेक्षण में देवास पुलिस मामले की वैज्ञानिक एवं पेशेवर जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि प्रकरण के हर पहलू की गंभीरता से जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Share to...