May 19, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

यूपी में बड़ा सड़क हादसा, तेज रफ्तार मैजिक वाहन ट्रक में घुसा, 9 लोगों की मौत 3 गंभीर घायल

लखीमपुर: उत्‍तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में सोमवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। बहराइच रोड पर ऊंच गांव के पास सवारियों से भरी एक तेज रफ्तार मैजिक ट्रक में घुस गई। मैजिक में 8 से 12 लोग सवार थे। हादसा इतना जोरदार था कि लगभग 8 लोगों की मौके पर दर्दनाक मौत हो गई जबकि चार लोग जख्मी है। इनमें से इलाज के दौरान एक और मौत हो गई। कुल 9 लोगों की मौत हुई है। घायलों को सामुदायिक स्‍वास्‍थ्‍य केंद्र में भर्ती कराया जा रहा है।

बताया जा रहा है कि मैजिक वैन में 8 पुरुष और 4 महिलाओं समेत 12 लोग सवार थे। सभी मजदूरी पेशे से जुड़े थे और काम करने लखीमपुर खीरी जा रहे थे। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्‍थानीय लोगों के सहयोग से सभी घायलों को अस्‍पताल पहुंचाया। मृतकों के शव को पोस्‍टमॉर्टम के लिए भेजा गया है।

यह सड़क हादसा इतना भयानक था कि मैजिक वैन के परखच्‍चे उड़ गए। हादसा होते ही मौके पर सवारियों में चीखपुकार मच गई। यह देखकर भारी भीड़ जमा हो गई। लोगों ने किसी तरह मैजिक में फंसे घायलों को निकालकर अस्‍पताल पहुंचाया। पुलिस टीम क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्‍त वाहनों को हाइवे से हटाकर यातायात सुचारू करने में जुटी है।

मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने इस सड़क हादसे पर दुख जताया है। उन्‍होंने संबंधित अधिकारियों को फोन कर घायलों का उचित इलाज कराने के निर्देश दिए हैं। उन्‍होंने हादसे में मारे गए लोगों के प्रति संवेदना जताई है। पुलिस और जिला प्रशासन की तरफ से मृतकों और घायलों की संख्‍या की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। मृतकों की शिनाख्‍त के प्रयास किए जा रहे हैं। इसके बाद उनके घरवालों को सूचना दी जाएगी।

थाना ईसानगर के प्रभारी निराला तिवारी ने बताया कि अब तक इस सड़क हादसे में नौ लोगों की मौत हो गई है। तीन घायलों की हालत गंभीर है। बेहतर इलाज के लिए डॉक्‍टरों ने उनको जिला अस्‍पताल रेफर कर दिया है।

Share to...