बुरहानपुर: जिले में अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना खकनार पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने अंतर्राज्यीय अवैध हथियार तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 7 हस्तनिर्मित देशी पिस्टल, 2 खाली मैगजीन और एक मोबाइल फोन सहित कुल 1 लाख 48 हजार रुपए की सामग्री जब्त की है। इस कार्रवाई से अवैध हथियार तस्करी करने वाले गिरोहों में हड़कंप मच गया है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंतर सिंह कनेश द्वारा जिले के सभी थाना प्रभारियों को अवैध हथियार निर्माण, क्रय-विक्रय और परिवहन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसी अभियान के तहत एसडीओपी नेपानगर निर्भय सिंह अलावा के मार्गदर्शन में थाना खकनार पुलिस ने यह प्रभावी कार्रवाई की।
थाना प्रभारी निरीक्षक अभिषेक जाधव एवं प्रधान आरक्षक मेलसिंह सोलंकी को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध व्यक्ति ग्राम बोरखेड़ा फाटा स्थित यात्री प्रतिक्षालय के पास अवैध हथियारों के साथ मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और बताए गए हुलिए के आधार पर संदिग्ध को घेराबंदी कर पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम रणजीत पिता शम्भूनाथ कुंज (32 वर्ष) निवासी विश्वकर्मा मंदिर, कृष्णपुरी मोहल्ला, नाभा थाना कोतवाली जिला पटियाला (पंजाब) बताया। तलाशी लेने पर उसके पास से 7 अवैध देशी पिस्टल, 2 खाली मैगजीन तथा एक मोबाइल फोन बरामद किया गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना खकनार में अपराध क्रमांक 186/2026 धारा 25(1-B)(a) आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी से अवैध हथियारों के नेटवर्क और सप्लाई चैन के संबंध में गहन पूछताछ की जा रही है।
इस कार्रवाई में निरीक्षक अभिषेक जाधव, उनि रामेश्वर बकोरिया, सउनि तारक अली, प्रआर मेलसिंह सोलंकी, मनीष भटुरे, अजय अजनारे, आरक्षक सुनिल धुर्वे, मंगल पालवी, विक्रम पालवी, गोविन्दा मुजाल्दे, विजेन्द्र देवल्य एवं सबल देवड़ा की सराहनीय भूमिका रही।

More Stories
एनीमिया मुक्त भारत स्कोरकार्ड 2025-26 में मध्यप्रदेश देश में प्रथम
आगामी सिंहस्थ और अमावस्या स्नान पर्व को लेकर पुलिस ने की मॉक ड्रिल, यह था कारण
सुवेंदु अधिकारी ने ली पश्चिम बंगाल मुख्यमंत्री पद की शपथ, 5 मंत्रियों ने भी ली शपथ