April 17, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

पीएम मोदी पर हमले की साजिश का खुलासा, बक्सर पुलिस ने 3 युवकों को पकड़ा

बक्सर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर कथित हमले की साजिश रचने के आरोप में बक्सर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने डुमरांव अनुमंडल के सिमरी थाना क्षेत्र से साजिश के मुख्य आरोपी समेत तीन युवकों को पकड़ा है। आरोपी ने न केवल हमले की धमकी दी, बल्कि इसके एवज में विदेशी एजेंसी से पैसों की मांग भी की थी।

बक्सर पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने बताया कि मामले की जांच अभी जारी है। जल्द ही विस्तृत जानकारी दी जाएगी।

गिरफ्तार मुख्य आरोपी की पहचान सिमरी थाना क्षेत्र के आशा पड़री गांव निवासी अमल तिवारी के रूप में हुई है। आरोप है कि अमल ने अमेरिका की एजेंसी सीआईए (CIA) को एक मैसेज भेजा था। मैसेज में उसने प्रधानमंत्री मोदी पर जानलेवा हमला करने की बात कही थी और इस काम को अंजाम देने के बदले मोटी रकम की मांग की थी। आरोपी ने इस कथित साजिश को पूरा करने के लिए 22 दिनों की मोहलत मांगी थी।

बक्सर पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पीएम मोदी पर हमले की साजिश की गुप्त सूचना मिली थी। इसी सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर तीन लोगों को पकड़ा। पूछताछ में पता चला कि आरोपी अमल तिवारी का आपराधिक इतिहास रहा है। उसने पहले भी कोलकाता एयरपोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी दी थी। इस आरोप में उसे गिरफ्तार भी किया गया था।

पुलिस ने आरोपियों के पास से एक लैपटॉप और कई अन्य इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स बरामद किए हैं। माना जा रहा है कि इन्हीं उपकरणों के जरिए सीआईए को संदेश भेजे गए थे।

एसपी शुभम आर्य के मुताबिक, पुलिस इस बात की गहराई से जांच कर रही है कि क्या इस साजिश में कोई और बाहरी गिरोह या स्थानीय लोग शामिल हैं। फिलहाल पुलिस की टीम तकनीकी साक्ष्यों को खंगाल रही है।

Share to...