April 20, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

गुजराती मोहल्ले में लगी भीषण आग, लाखों के पुराने कपड़े जलकर खाक

जबलपुर: ​जबलपुर के आधारताल थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गुजराती मोहल्ले में आज सुबह तड़के आग लगने से हड़कंप मच गया। आग थाने के ठीक सामने स्थित एक सरकारी ज़मीन पर बने अस्थाई शेडों में लगी, जहाँ भारी मात्रा में रिफर्बिश्ड (पुराने) कपड़े रखे हुए थे।

​ एडिशनल एसपी क्राइम जितेंद्र सिंह ने बताया कि, घटना आज सुबह लगभग 5:15 बजे की है। गुजराती मोहल्ले में स्थित शासकीय भूमि पर कुछ अस्थाई शेड और टपरे बनाए गए हैं। यहाँ रहने वाले गुजराती समाज के लोग पुराने कपड़ों को रिफर्बिश्ड कर ग्रामीण क्षेत्रों में बेचने का व्यापार करते हैं। अचानक इन्हीं शेडों में आग लग गई, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया।

​सूचना मिलते ही दमकल विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुँची। कड़ी मशक्कत के बाद लगभग एक घंटे के भीतर आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है।

​बताया जा रहा है कि मुख्य व्यवसायी सूरज गुजराती सुबह 5 बजे उठकर टहलने के लिए निकल गए थे। उनके दो बेटे (17-18 वर्ष) शेड में ही सो रहे थे, जिन्होंने आग लगते ही समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।

​शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि पास में पड़े किसी कचरे के ढेर में लगी आग की चिंगारी से यह हादसा हुआ होगा। हालांकि, पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है ताकि आग लगने के सही कारणों का पता लगाया जा सके।

Share to...