इंदौर: शहर में बढ़ते ट्रैफिक दबाव को कम करने और पार्किंग व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने की दिशा में नगर निगम तेजी से कदम बढ़ा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने पलासिया स्थित आदर्श रोड पर निर्माणाधीन मल्टीलेवल पार्किंग परियोजना का निरीक्षण किया।
महापौर भार्गव ने बताया कि इंदौर में यातायात को सुगम बनाने के लिए पर्याप्त पार्किंग स्थान उपलब्ध कराना अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने कहा, सुभाष नगर मल्टीलेवल पार्किंग शुरू हो चुकी है। आदर्श रोड पर बीओटी आधार पर जो मल्टीलेवल पार्किंग तैयार हो रही है, उसे अप्रैल तक शुरू करने का लक्ष्य है। इससे आदेश रोड और ग्रेटर कैलाश क्षेत्र में ट्रैफिक का दबाव काफी कम होगा।
महापौर ने जानकारी दी कि निर्माणाधीन पार्किंग में 150 कार और लगभग 150 दोपहिया वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था होगी। शुल्क नगर निगम के निर्धारित दरों के अनुसार रहेगा। उन्होंने स्वीकार किया कि निर्माण की रफ्तार कुछ धीमी है, लेकिन निगम ने हाल ही में विभिन्न पार्किंग स्थलों पर काम में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।
महापौर ने कहा कि लोगों को निर्धारित पार्किंग का उपयोग करने के लिए जागरूक किया जाएगा। अगर लोग निर्धारित पार्किंग में वाहन नहीं खड़ा करेंगे, तो उनके चालान भी बनाए जाएंगे। शहर की यातायात व्यवस्था सुधारना प्राथमिकता है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस मल्टीलेवल पार्किंग के शुरू होने से क्षेत्र के नागरिकों को बड़ी सुविधा मिलेगी। और स्थानीय नागरिक भी इसका लाभ लेंगे।
निरीक्षण के दौरान एमआईसी सदस्य राजेश उदावत, राकेश जैन, पार्षद पुष्पेंद्र पाटीदार, नगर निगम आयुक्त अभय राजांगांवकर समेत संबंधित एजेंसी के अधिकारी मौजूद रहे।

More Stories
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने साबित किया बहुमत, विधानसभा में विश्वास मत प्रस्ताव पारित
मौसम विभाग ने मप्र, यूपी सहित 10 राज्यों में दो दिन लू का येलो अलर्ट जारी
यूपी एटीएस ने बड़ी आतंकी साजिश का किया भंडाफोड़, 2 युवकों को किया गिरफ्तार