April 26, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

रायसेन में चलती बस में लगी आग, ट्रक ड्राइवर ने बचाई 30 से ज्यादा यात्रियों की जान

रायसेन: रायसेन जिले में बमोरी ढाबा के पास मंगलवार देर रात एक बड़ा हादसा टल गया। इंदौर से रीवा जा रही जय भवानी ट्रैवल्स की यात्री बस में अचानक आग लग गई। घटना रात करीब 1 से सवा 1 बजे के बीच की है। बस में उस समय 30 से 35 यात्री सवार थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस करीब 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही थी। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक ट्रक ड्राइवर ने बस के टायर में आग लगते देख बस के आगे आकर ड्राइवर को रोकने की कोशिश की। काफी देर तक चिल्लाने के बाद जब ड्राइवर ने बस रोकी, तब तक टायर पूरी तरह जलने लगा था।

बस रुकते ही यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। लोग जान बचाने के लिए बस से कूदने लगे। बमोरी ढाबा संचालक बंटी खालसा और उनके कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। कुछ ही देर में आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया।

इंदौर निवासी यात्री संतोष कुशवाह ने बताया, “बस बहुत तेज चल रही थी। ड्राइवर सुन नहीं रहा था। ट्रक वाला बहुत देर से चिल्ला रहा था। अगर वह आगे आकर बस न रोकता, तो बड़ा हादसा हो सकता था।

इस बस में इंदौर में मांझे से गर्दन कटने से जान गंवाने वाले रघुवीर धाकड़ का परिवार भी सवार था। रघुवीर के भाई रामबाबू धाकड़, भतीजा जीतेंद्र और भांजा अर्जुन सिंह उनकी अस्थियां लेकर प्रयागराज जा रहे थे। वे सीहोर जिले के आष्टा से बस में सवार हुए थे। हादसे के बाद परिवार सदमे में है।

आग लगते ही बस का ड्राइवर और क्लीनर मौके से फरार हो गए। यात्रियों का आरोप है कि हादसे के बाद किसी भी जिम्मेदार ने उनकी सुध नहीं ली। जय भवानी ट्रैवल्स के मेन ऑफिस में फोन करने पर भी किसी ने कॉल रिसीव नहीं किया।

घटना की सूचना के बाद फायर ब्रिगेड करीब एक घंटे की देरी से मौके पर पहुंची। तब तक बस पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी। यात्रियों का सारा सामान जल गया। एक यात्री का लैपटॉप भी आग में जल गया।

हादसे के बाद यात्रियों के लिए वैकल्पिक बस की कोई व्यवस्था नहीं की गई। सभी यात्री रातभर बमोरी ढाबा पर परेशान हालत में बैठे रहे। प्रशासन और बस कंपनी की लापरवाही से यात्रियों में भारी नाराजगी देखी गई है।

Share to...