उज्जैन: प्रदेश की सांस्कृतिक चेतना, लोक-परंपराओं एवं सनातन विरासत को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश शासन के “अभ्युदय मध्यप्रदेश” अभियान तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आव्हान पर देश भर में मनाए जा रहे “स्वाभिमान पर्व–2026” के अंतर्गत धार्मिक नगरी उज्जैन में “श्री महाकाल महोत्सव” का भव्य आयोजन 14 से 18 जनवरी 2026 (विक्रम संवत 2082) तक श्री महाकाल महालोक एवं त्रिवेणी संग्रहालय में किया जाएगा।
वीर भारत न्यास के सचिव श्रीराम तिवारी ने बताया कि महोत्सव का शुभारंभ 14 जनवरी 2026 को सायं 7:00 बजे, श्री महाकाल महालोक में होगा। शुभारंभ अवसर पर डॉ. मोहन यादव, मुख्यमंत्री मध्यप्रदेश मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। इस अवसर पर माननीय धर्मेन्द्र सिंह लोधी (राज्यमंत्री – संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व), गौतम टेटवाल (राज्यमंत्री – कौशल विकास एवं रोजगार), अनिल फिरोजिया (सांसद, उज्जैन), अनिल जैन कालूहेड़ा (विधायक, उज्जैन), बालयोगी उमेशनाथ महाराज (राज्यसभा सांसद),मुकेश टेटवाल (महापौर, उज्जैन) एवं श्रीमती कलावती यादव (अध्यक्ष, नगर निगम उज्जैन) की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।
यह आयोजन संस्कृति विभाग, मध्यप्रदेश शासन, वीर भारत न्यास एवं श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न होगा, जिसमें प्रदेश की जनजातीय, लोक एवं शास्त्रीय सांस्कृतिक परंपराओं का व्यापक एवं सजीव प्रदर्शन किया जाएगा।
वीर भारत न्यास के सचिव राम तिवारी के अनुसार, उद्घाटन संध्या पर “शिवोऽहम्” शीर्षक से विशेष संगीतिक प्रस्तुति आयोजित की जाएगी, जिसमें प्रसिद्ध पार्श्वगायक पद्मश्री शंकर महादेवन (सिद्धार्थ-शिवम) द्वारा अपने सुपुत्रों के साथ शिव-भक्ति से ओतप्रोत संगीतमय प्रस्तुति दी जाएगी।
स्वाभिमान पर्व–2026 की भावना के अनुरूप, महोत्सव के अंतर्गत प्रतिदिन अपराह्न 4:00 से 6:00 बजे तक त्रिवेणी संग्रहालय परिसर में जनजातीय लोकनृत्यों की श्रृंखला प्रस्तुत की जाएगी, जिसमें— भारिया जनजातीय भड़म नृत्य – दादूलाल डांडोलिया एवं साथी (छिंदवाड़ा), गोंड जनजातीय ठाठ्या नृत्य – अर्जुन वाघमारे एवं साथी (बैतूल), काठी नृत्य – अशोक मौर्य एवं साथी (हरदा), भील जनजातीय भगोरिया नृत्य – मनीष सिसोदिया एवं साथी (धार) की विशेष प्रस्तुति होगी।
अभ्युदय मध्यप्रदेश के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से “कला यात्रा” का आयोजन भी किया जाएगा। इसमें शिव बारात (भाव शैली) – कृष्णा वर्मा एवं साथी, उज्जैन द्वारा प्रस्तुति दी जाएगी। कला यात्रा बुधवार दोपहर 4 बजे देवास गेट बस स्टैंड से प्रारंभ होकर मालिपुरा, फव्वारा चौक, इंदौर गेट होते हुए श्री महाकाल लोक तक पहुँचेगी। आयोजन की सहयोगी संस्थाएँयह आयोजन संस्कृति संचालनालय, जनजातीय लोक कला एवं बोली विकास अकादमी, त्रिवेणी संग्रहालय, कृषि उद्योग विकास परिषद (नई दिल्ली), उज्जैन विकास प्राधिकरण, जिला प्रशासन एवं नगर निगम उज्जैन के सहयोग से संपन्न होगा। श्री महाकाल महोत्सव, अभ्युदय मध्यप्रदेश एवं स्वाभिमान पर्व–2026 के संकल्पों के अनुरूप, प्रदेश की सांस्कृतिक अस्मिता, आत्मगौरव एवं सनातन परंपरा का उत्सव है, जिसमें सहभागिता हेतु आम नागरिकों को सादर आमंत्रित किया गया है। आमजन का प्रवेश इसमें पूर्णत: निशुल्क रहेंगा। प्रवेश की व्यवस्था त्रिवेणी संग्रहालय के पास से की गई है।

More Stories
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने साबित किया बहुमत, विधानसभा में विश्वास मत प्रस्ताव पारित
मौसम विभाग ने मप्र, यूपी सहित 10 राज्यों में दो दिन लू का येलो अलर्ट जारी
यूपी एटीएस ने बड़ी आतंकी साजिश का किया भंडाफोड़, 2 युवकों को किया गिरफ्तार