April 24, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

कलेक्‍टर सिंह ने कलेक्‍टर कार्यालय का आकस्मिक निरीक्षण किया

उज्‍जैन: कलेक्‍टर रौशन कुमार सिंह ने मंगलवार को प्रशासनिक संकुल भवन स्थित कलेक्‍टर कार्यालय का आकस्मिक निरीक्षण किया। कलेक्‍टर सिंह ने कार्यालय की नाजि़र शाखा, नजूल शाखा एवं भवन में संचालित अन्‍य कार्यालयों में पहुंचकर वहां के अधिकारियों और कर्मचारियों से परिचय प्राप्‍त कर वार्तालाप किया।

नाजिर शाखा में कार्यरत श्रीमती नेहा अग्रवाल और कलेक्‍टर कार्यालय खाद्य में कार्यरत श्रीमती भावना ने बताया कि वे दो पहिया वाहन से कार्यालय आती हैं। वाहन चलाते समय वे हमेशा हेलमेट पहनती हैं और यातायात नियमों का पालन करती हैं।

कलेक्‍टर सिंह ने उक्‍त कर्मचारियों की प्रशंसा की और कहा कि वे अन्‍य सहकर्मियों को भी इसके लिए प्रेरित करें। कलेक्‍टर सिंह ने रेशम विभाग के कार्यालय में पहुंचकर वहां अधिकारी डॉ. पायल जोशी से पूछा कि उनके परिवार में कौन-कौन लोग हैं, वे यहां कब से कार्यरत हैं। कलेक्‍टर कार्यालय अधीक्षक कक्ष में उपस्थित स्‍टाफ के बारे में भी कलेक्‍टर सिंह ने जानकारी प्राप्‍त की उन्‍होंने पूछा की कर्मचारियों के परिवार में कौन-कौन हैं।

इसके अलावा कलेक्‍टर सिंह द्वारा शिकायत शाखा, जिला अन्‍त्‍यावसाई कार्यालय, भू अभिलेख कार्यालय, लोकसेवा प्रबंधन कार्यालय, निर्वाचन कक्ष, राजस्‍व अभिलेखागार कार्यालय का आकस्मिक निरीक्षण किया गया।उन्‍होंने कार्यालय में उपस्थित समस्‍त स्‍टॅाफ से कहा कि उनके कहने पर नहीं बल्कि स्‍वयं की सुरक्षा और परिवार के लिए हेलमेट अवश्‍य पहनें तथा यातायात नियमों का पालन करें। चार पहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्‍ट अवश्‍य लगाएं। वाहन चलाते समय किसी का भी फोन हो रिसीव न करें।

कलेक्‍टर सिंह ने कहा कि‍ भले ही उनका स्‍वयं का फोन ही क्‍यों न हो, वाहन चलाते समय मोबाईल पर बात न करें। पहले वाहन साईड में लगाए उसके पश्‍चात बात करें। यातायात नियमों का पालन करना अपनी नियमित दिनचर्या में सुनिश्‍चित करें।इसके अतिरिक्‍त कलेक्‍टर सिंह ने निरीक्षण के दौरान कहा कि जनसुनवाई के लिए प्रशासनिक संकुल भवन में एक बड़ा हॉल खाली करवाया जाए। वर्तमान में जनसुनवाई के दौरान आमजन को सभाकक्ष में असुविधा होती है। कार्यालय में स्‍वच्‍छता पर विशेष ध्‍यान दिया जाए।

निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्‍टर शाश्‍वत शर्मा एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी संदीप सिंह एवं अन्‍य अधिकारीगण उपस्थित थे।

Share to...