उज्जैन(डॉ हीना तिवारी): भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल शनिवार सुबह उज्जैन स्थित श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने प्रातःकालीन दद्योदक आरती में सहभागिता की और भगवान महाकाल का विधिवत पूजन-अर्चन किया। इस अवसर पर सोमनाथ स्वाभिमान पर्व 2026 के अंतर्गत ओंकार जप और विशेष पूजा का आयोजन भी किया गया।
सुबह करीब 7:45 बजे महाकाल मंदिर पहुंचे हेमंत खंडेलवाल ने नंदी हॉल में बैठकर भगवान महाकाल का मंत्र जाप किया। उनके साथ कालूहेड़ा विधायक अनिल जैन, भाजपा शहर अध्यक्ष संजय अग्रवाल और मुकेश यादव भी मौजूद रहे। नंदी हॉल में पूजन के बाद खंडेलवाल ने देहरी से पुष्प, दूध और जल अर्पित किया, जिसे मंदिर के पुजारियों द्वारा भगवान महाकाल को समर्पित किया गया।
पूजन के पश्चात मीडिया से चर्चा करते हुए हेमंत खंडेलवाल ने बताया कि सोमनाथ मंदिर पर हुए ऐतिहासिक हमले के एक हजार वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2026 को “स्वाभिमान पर्व” के रूप में मनाने का आह्वान किया है। इसी क्रम में देशभर के प्रमुख मंदिरों में जन सहभागिता के साथ पूजा, आरती और ओंकार जप का आयोजन किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि इस राष्ट्रव्यापी अभियान की शुरुआत भगवान महाकाल की नगरी उज्जैन से की गई है। आज महाकाल का पूजन कर ‘ॐ नमः शिवाय’ का जाप किया गया और देश की सुख-समृद्धि, शांति और एकता के लिए कामना की गई।
खंडेलवाल ने यह भी बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार से सोमनाथ हमले से जुड़े स्वाभिमान पर्व अभियान की औपचारिक शुरुआत करेंगे।
दर्शन पूजन के पश्चात श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबन्ध समिति की ओर से खंडेलवाल का विधिवत सम्मान किया गया। मंदिर के सहायक प्रशासक मूलचंद जूनवाल ने हेमंत खंडेलवाल का स्वागत सत्कार किया। उन्हें बाबा महाकाल का प्रसाद और स्मृति चिन्ह भेंट किया गया।

More Stories
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने साबित किया बहुमत, विधानसभा में विश्वास मत प्रस्ताव पारित
मौसम विभाग ने मप्र, यूपी सहित 10 राज्यों में दो दिन लू का येलो अलर्ट जारी
यूपी एटीएस ने बड़ी आतंकी साजिश का किया भंडाफोड़, 2 युवकों को किया गिरफ्तार