नईदिल्ली: संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने शुक्रवार को बताया कि संसद का बजट सत्र 28 जनवरी 2026 से शुरू होकर 2 अप्रैल 2026 तक चलेगा। उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर बताया, भारत सरकार की सिफारिश पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने संसद के दोनों सदनों को 2026 के बजट सत्र के लिए बुलाने की मंजूरी दे दी है।
यह सत्र 28 जनवरी 2026 से शुरू होकर 2 अप्रैल 2026 तक चलेगा। पहला फेज 13 फरवरी 2026 को समाप्त होगा। दूसरा फेज संसद 9 मार्च 2026 से 2 अप्रैल तक चलेगा।
29 जनवरी को दोनों सदनों की बैठक नहीं होगी। संसद की बैठक 30 जनवरी को होगी, जिस दिन आर्थिक सर्वेक्षण पेश किए जाने की संभावना है। इसके बाद, 31 जनवरी को लोकसभा और राज्यसभा की बैठक नहीं होगी। केंद्रीय बजट एक फरवरी, रविवार को पेश जा सकता है। राष्ट्रपति के अभिभाषण और केंद्रीय बजट पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा के बाद, संसद की बैठक 13 फरवरी को लगभग एक महीने के अवकाश के लिए स्थगित हो जाएगी। संसद की बैठक 9 मार्च को पुनः शुरू होगी और सत्र 2 अप्रैल को समाप्त होगा।
अधिकारियों ने बताया कि आम तौर पर संसद का सत्र शुक्रवार को स्थगित होता है, लेकिन 3 अप्रैल को गुड फ्राइडे और उसके बाद के सप्ताहांत को ध्यान में रखते हुए, सत्र 2 अप्रैल को समाप्त हो सकता है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण इस बार लगातार नौवां बजट पेश करेंगी। मौजूदा सरकार ने 2017 के बाद के बजट कार्यक्रम में 1 फरवरी की तारीख को बरकरार रखा है।
केंद्र सरकार की ओर से 2017-18 से आम बजट को लगातार एक फरवरी को पेश किया जा रहा है। स्टॉक एक्सचेंज भी संकेत दे चुके हैं कि अगर बजट रविवार को पेश किया जाता है तो इस दिन एक स्पेशल ट्रेडिंग सेशन रखा जाएगा।
यह केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत किया जाने वाला लगातार नौवां बजट होगा। उन्होंने लगातार सबसे अधिक बजट प्रस्तुत करने का रिकॉर्ड पहले ही बना लिया है। यदि वह एक और बजट भी प्रस्तुत करती हैं, तो वे दिवंगत मोरारजी देसाई के रिकॉर्ड की बराबरी कर लेंगी, जिन्होंने दो कार्यकालों, 1959 से 1964 के बीच छह और 1967 से 1969 के बीच चार, में कुल 10 बजट प्रस्तुत किए थे।
अन्य हालिया वित्त मंत्रियों में, पी. चिदंबरम ने नौ बजट प्रस्तुत किए थे, जबकि प्रणब मुखर्जी ने अलग-अलग प्रधानमंत्रियों के कार्यकाल में आठ बजट प्रस्तुत किए थे।

More Stories
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने साबित किया बहुमत, विधानसभा में विश्वास मत प्रस्ताव पारित
मौसम विभाग ने मप्र, यूपी सहित 10 राज्यों में दो दिन लू का येलो अलर्ट जारी
यूपी एटीएस ने बड़ी आतंकी साजिश का किया भंडाफोड़, 2 युवकों को किया गिरफ्तार