झलक शिकारी
यदि हमारे कान्हा, वही मुरलीधर, वही नटखट, वही करुणामय श्रीकृष्ण, कलयुग में होते और वर्ष 2026 की शुरुआत करते, तो यह नया साल केवल कैलेंडर बदलने का दिन नहीं होता, बल्कि दिलों के बदलने की शुरुआत होता।
1 जनवरी 2026 की सुबह होती। चारों ओर लोग नए साल की तैयारी में लगे होते- कोई पार्टी की सोच में, कोई सोशल मीडिया पर तस्वीरें डालने की जल्दी में। तभी उस भीड़ के बीच, एक साधारण-सा व्यक्ति दिखाई देता। न अभिमान, न किसी प्रकार का दिखावा- बस चेहरे पर प्यारी सी मुस्कान और आँखों में अथाह प्रेम। वही थे हमारे प्यारे, दुलारे कान्हा।
हम सबके बीच एक मार्गदर्शक की तरह आ खड़े होते। शहर की गलियों, गाँव के चौपालों और डिजिटल दुनिया—हर जगह उनका एक ही संदेश गूँजता—
“नया साल तभी नया होगा, जब तुम्हारी सोच नई होगी।”
वे सबसे पहले युवाओं से मिलते। उनसे कहते— “तुम्हारे पास साधन है, मंच है, आवाज है, हुनर है, सपने हैं, लेकिन खुद पर भरोसा कम है। याद रखो, अर्जुन भी तब तक भ्रम में था, जब तक उसने सवाल पूछने की हिम्मत नहीं की। खुद पर भरोसा रखो, मैं हमेशा तुम्हारे साथ हूं।”
गरीब बस्तियों में जाते, वहां बच्चों से मिलते, उनके सिर पर हाथ फेरते। उनके लिए 2026 की शुरुआत खिलौनों और मिठाइयों से नहीं, बल्कि शिक्षा और उम्मीद से होती। वे कहते— “जिस बच्चे की आँखों में सपने हैं, वही कलयुग का भविष्य है।”
फिर वे समाज के उन लोगों के पास जाते, जिन्हें कलयुग ने पीछे छोड़ दिया था—गरीब, बुज़ुर्ग, अकेले लोग। कान्हा उनके साथ बैठकर भोजन करते, क्योंकि उनके लिए नया साल साथ बैठकर खाने से शुरू होता, न कि केवल स्टेटस लगाने से। उनके लिए नया साल भाषण से नहीं, सम्मान और सहभागिता से शुरू होता।
कान्हा कहते—
“जिस समाज में सबसे कमजोर व्यक्ति सुरक्षित है, वही समाज सच्चे रूप में नया साल मना सकता है।”
वे पर्यावरण की ओर भी इशारा करते- “धरती तुम्हारी माँ है, इसे सिर्फ इस्तेमाल मत करो, इसे संभालो।”
कान्हा अस्पतालों में जाते, जहां लोग दर्द से जूझ रहे हैं। वे किसी चमत्कार का प्रदर्शन नहीं करते, बस किसी का हाथ थाम लेते। आश्चर्य तो यह होता कि उस स्पर्श से ही लोगों को सुकून मिल जाता। क्योंकि कान्हा का स्पर्श आज भी विश्वास जगाता है।
वे परिवारों के बीच भी जाते, जहाँ रिश्तों में दरारें थीं। उनसे कहते— “अहंकार छोड़ दो, प्रेम बचा लो। जीतने से बेहतर है साथ रहना।”
कान्हा यह भी कहते— “कलयुग का धर्म मंदिर में घंटी बजाने से नहीं, बल्कि किसी टूटे हुए इंसान को जोड़ने से पूरा होता है।”
शाम ढलती है। लोग पटाखों की तैयारी में हैं। तभी कान्हा कहते— “अगर खुशी मनानी है, तो किसी की आँख में आँसू न आने दो। शोर से नहीं, शांति से नया साल मनाओ।”
उस रात 2026 की शुरुआत होती। आसमान में भले आतिशबाज़ी न हो, लेकिन धरती पर लाखों दिलों में प्रेम, क्षमा और उम्मीद की रोशनी जल चुकी होती, कम नफरत, ज्यादा समझ, कम दिखावा, ज्यादा करुणा। लोग समझ जाते हैं कि—
“नया साल तभी सच में नया होता है, जब हम किसी के लिए वजह बन जाएं मुस्कुराने की।”
और इसी तरह, यदि कान्हा कलयुग में होते, तो 2026 की शुरुआत होती— “पटाखों के शोर से नहीं, बल्कि प्रेम की धुन से।”
हमारे प्रिय कान्हा कलयुग में होते, ऐसे करते 2026 की शुरुआत।

More Stories
गोवा की साध्वी सैल ने जीता मिस इंडिया 2026 का खिताब, अब मिस वर्ल्ड में करेंगी मुकाबला
साधना सप्ताह में मप्र को अधिकतम पाठयक्रम पूरा करने राष्ट्रीय स्तर पर तीसरा स्थान
होर्मुज में भारतीय जहाज पर गोलीबारी के बाद भारत ने ईरानी राजदूत को किया तलब, दर्ज कराया विरोध