नईदिल्ली: नवंबर का दूसरा हफ्ता देश के मौसम में बड़े बदलाव को लेकर आया है। उत्तर भारत के कई राज्यों में तापमान में गिरावट शुरू हो चुकी है, जबकि दक्षिण भारत के कई हिस्सों में बारिश और बिजली गिरने के आसार हैं।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अपने नए अपडेट में 13 नवंबर तक तमिलनाडु, केरल, और माहे में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। वहीं दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, और झारखंड में तापमान लगातार नीचे जा रहा है। आने वाले दिनों में उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में सर्दी की दस्तक और तेज होगी।
IMD के अनुसार, तमिलनाडु में 12 और 13 नवंबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं केरल और माहे में 10 नवंबर को गरज के साथ तेज बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने कहा है कि दक्षिण भारत में सक्रिय उत्तर-पूर्वी मानसून के कारण कई इलाकों में बिजली गिरने और आंधी जैसी परिस्थितियां बन सकती हैं।
इन राज्यों में बारिश से तापमान में गिरावट होगी और लोगों को हल्की ठंड का अहसास हो सकता है। किसानों को सलाह दी गई है कि फसलों को सुरक्षित रखें और जलभराव की स्थिति से सतर्क रहें।
10 से 11 नवंबर के बीच मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और झारखंड में उत्तर दिशा से आने वाली ठंडी हवाओं के कारण तापमान में भारी गिरावट दर्ज की जा सकती है। अगले 4-5 दिनों तक इन राज्यों में रात का तापमान सामान्य से 4 से 7 डिग्री सेल्सियस तक कम रहने की संभावना है। मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे जा सकता है। छत्तीसगढ़ और झारखंड के कुछ जिलों में सुबह के समय घना कोहरा छाने और ठंडी हवाओं के कारण दृश्यता प्रभावित होने की संभावना है।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में इस सप्ताह ठंड में बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी। मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि 10 नवंबर को अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। सुबह और शाम के समय 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है। उत्तर प्रदेश में भी आने वाले दिनों में सर्दी बढ़ने के संकेत हैं। कई जिलों में तापमान 4 से 5 डिग्री सेल्सियस तक घट सकता है। तेज हवाओं के कारण लोगों को सुबह और रात में हल्की ठिठुरन महसूस होगी।
झारखंड में शीत लहर का अलर्ट
झारखंड में मौसम विभाग ने शीत लहर का अलर्ट जारी किया है। लातेहार, पलामू, गढ़वा, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा और हजारीबाग जिलों में तापमान में तेज गिरावट की संभावना है। कई क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे जा सकता है।
बिहार में भी पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी के असर से ठंड बढ़ रही है। ग्रामीण इलाकों में सुबह और रात के समय ठिठुरन महसूस की जा रही है और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है।

More Stories
बागेश्वर धाम जा रही यात्री बस में ग्वालियर में झांसी रोड थाने के सामने लगी भीषण आग, पुलिस की तत्परता से बचीं कई जिंदगियां
नागालैंड के राज्यपाल नंदकिशोर यादव बाबा महाकाल की भस्मारती में हुए शामिल, किए बाबा महाकाल के दर्शन
मध्यप्रदेश में 2025 बैच के युवा आईएएस अधिकारियों की दूरस्थ जनजातीय जिलों में हुई पदस्थापना