April 27, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

पीएम मोदी से मिलीं भारत की विश्व विजेता बेटियां, सौंपी ‘NAMO’ जर्सी, पीएम ने दी बधाई

नईदिल्ली: आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप 2025 का खिताब जीतने के बाद आज बुधवार को भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली भारतीय टीम बुधवार को पीएम मोदी से 7 लोक कल्यान मार्ग स्थित उनके पर आवास जाकर मिली।

इस मुलाकात के साथ ही वर्ल्ड चैंपियन भारतीय टीम ने पीएम को एक खास तोहफा भी दिया है। इसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं।

वर्ल्ड चैंपियन बनने के बाद भारतीय महिला टीम ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से 7 लोक कल्यान मार्ग स्थिन उनके आवास जाकर मुलाकात की। पीएम मोदी ने खिलाड़ियों को इस ऐतिहासिक जीत की बधाई दी। उन्होंने लगातार तीन हार और सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग का सामना करने के बाद टूर्नामेंट में उनकी जोरदार वापसी की सराहना की। पीएम मोदी ने कहा कि टीम ने न केवल खेल के मैदान पर, बल्कि पूरे देश के दिलों में भी जगह बनाई है।

वहीं, कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 2017 में प्रधानमंत्री से हुई मुलाकात को याद किया, जब वो वर्ल्ड कप के फाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ फाइनल में हार के बाद ट्रॉफी के बिना उनसे मिली थीं और अब जब वे ट्रॉफी के साथ उनसे मिली हैं, तो वे उनसे और ज्यादा बार मिलना चाहती हैं।

वहीं, इस मौके पर भारतीय महिला टीम ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक बेहद खास तोहफा दिया। वर्ल्ड चैंपियन टीम ने सभी खिलाड़ियों के सिग्नेचर वाली एक जर्सी गिफ्ट की है। जर्सी पर में ‘Namo’ लिखा है और इसका नंबर-1 है। पीएम मोदी ने इसके बाद जर्सी और ट्रॉफी के साथ फोटो भी खिंचवाई।

प्रधानमंत्री मोदी ने टीम को जीत की बधाई दी और टूर्नामेंट में उनके जोश, संघर्ष और शानदार प्रदर्शन की सराहना कि। उन्होंने कहा कि टीम ने शुरुआती मैचों में हार और सोशल मीडिया पर आलोचनाओं के बावजूद शानदार वापसी करते हुए खिताब जीता। पीएम मोदी ने इसे पूरे देश के लिए गर्व का क्षण बताया।

इतना ही नहीं पीएम मोदी से मुलाकात के लिए टीम इंडिया की स्टार ओपनर प्रतिका रावल भी व्हीलचेयर पर पहुंची। प्रतिका सेमीफाइनल मुकाबले से पहले चोटिल हो गई थीं, इस कारण उन्हें वर्ल्ड कप से बाहर होना पड़ा था। मगर उन्होंने इस टूर्नामेंट में एक शतक समेत कई शानदार पारी खेली थीं। फाइनल मैच के बाद भी वह व्हीलचेयर पर टीम के साथ सेलिब्रेट करती नजर आई थीं। उनकी जगह शेफाली वर्मा टीम में शामिल हुईं थीं और फाइनल में प्लेयर ऑफ द मैच भी बनी थीं।

प्रधानमंत्री से मिलकर हमनप्रीत ने पूछा कि वह हमेशा वर्तमान में कैसे रहते हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने बताया कि ये उनके जीवन का हिस्सा और आदत बन गई है। प्रधानमंत्री ने 2021 में इंग्लैंड के खिलाफ हरलीन देओल के कैच को भी याद किया, जिसको लेकर उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट भी किया था।

स्मृति मंधाना ने कहा कि प्रधामंत्री मोदी ने उन्हें प्रेरित किया है और वह सभी के लिए प्रेरणा रहे हैं। उन्होंने बताया कि कैसे आज लड़कियां हर क्षेत्र में प्रधानमंत्री की वजह से अच्छा कर रही हैं। दीप्ति शर्मा ने कहा कि वह पीएम मोदी से मिलने का इंतजार कर रही थीं। दीप्ति टूर्नामेंट की सर्वश्रेष्ठ प्लेयर चुनी गई थी।

बता दे कि टीम जब मंगलवार को नई दिल्ली पहुंची, तो उनका भव्य स्वागत किया गया। ढोल नगाड़ों और प्रशंसकों के जोश के बीच चैम्पियन बेटियों का स्वागत किया गया। सूत्रों के अनुसार, महिला टीम जल्द ही राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से भी मुलाकात कर सकती है। हालांकि, इस मुलाकात का समय अभी तय होना बाकी है।

वर्ल्ड कप जीतने के बाद भारतीय टीम को आईसीसी द्वारा 4.48 मिलियन डॉलर (लगभग 40 करोड़ रुपये) प्राइज मनी के रूप में दिए गए। यह राशि 2022 में चैम्पियन बनी ऑस्ट्रेलियाई टीम को मिली राशि (1.32 मिलियन डॉलर) से लगभग 239 प्रतिशत अधिक है। इस ऐतिहासिक जीत और पीएम मोदी से मुलाकात ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम के लिए गौरव और प्रेरणा का नया अध्याय खोला है, जो देशभर में युवा खिलाड़ियों के लिए एक मिसाल साबित हो रहा है।

Share to...