मुंबई: उत्तर प्रदेश के नोएडा से अश्विन कुमार सुप्रा (50) नाम के एक शख्स को मुंबई में बम विस्फोट की धमकी देने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। मुंबई क्राइम ब्रांच ने यह कार्रवाई की।
मुंबई पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी मूल रूप से बिहार का रहने वाला है। धमकी देने में इस्तेमाल किया गया उसका फोन और सिम कार्ड जब्त कर लिया गया है। उसे नोएडा से मुंबई लाया जा रहा है। आगे की जांच की जाएगी।
इससे पहले मुंबई पुलिस ने बताया था कि मुंबई ट्रैफिक पुलिस को उनके आधिकारिक व्हाट्सएप नंबर पर धमकियां मिलीं। धमकी में दावा किया गया कि शहर भर में 34 वाहनों में 34 ‘मानव बम’ लगाए गए हैं। इसके विस्फोट से पूरी मुंबई दहल जाएगी। ‘लश्कर-ए-जिहादी’ होने का दावा करने वाले इस संगठन ने दावा किया कि 14 पाकिस्तानी आतंकवादी भारत में घुस आए हैं। धमकी भरे संदेश में आगे कहा गया कि विस्फोट में 400 किलोग्राम आरडीएक्स का इस्तेमाल किया जाएगा। मुंबई पुलिस सतर्क है और पूरे राज्य में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। धमकी के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
विदित हो कि धमकी भरा मैसेज मिलते ही मुंबई पुलिस तुरंत हरकत में आ गई। शहर की सुरक्षा को तुरंत बढ़ा दिया गया। ताज होटल और एयरपोर्ट जैसे संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षाकर्मियों की तैनाती बढ़ा दी गई। क्राइम ब्रांच को मामले की जांच सौंपी गई और आतंकवाद निरोधी दस्ता (एटीएस) ने पूरे शहर में तलाशी अभियान शुरू कर दिया।
अनंत चतुर्दशी और गणेश विसर्जन के लिए 21,000 से ज्यादा पुलिसकर्मी और 150 से अधिक अधिकारियों को सुरक्षा की जिम्मेदारी दी गई। इसके अलावा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का इस्तेमाल कर ट्रैफिक और शहर के रूटों पर भी नजर रखी जा रही है।
वहीं पुलिस ने बताया कि प्राथमिक जांच में धमकी देने के लिए इस्तेमाल किया गया फोन और सिम कार्ड भी बरामद कर लिया गया है। इस घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि मुंबई पुलिस किसी भी आतंकी खतरे को हल्के में नहीं लेती है।
फिलहाल गिरफ्तार किए गए आरोपी को मुंबई लाकर उससे गहन पूछताछ की जाएगी साथ ही जिस सीम कार्ड व मोबाइल से धमकी दी गई उसकी पूरी जांच पड़ताल की जाएगी।

More Stories
मंदसौर जिला अस्पताल में 29 करोड़ के विकास कार्यों का हुआ लोकार्पण एवं भूमि-पूजन
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने साबित किया बहुमत, विधानसभा में विश्वास मत प्रस्ताव पारित
मौसम विभाग ने मप्र, यूपी सहित 10 राज्यों में दो दिन लू का येलो अलर्ट जारी