खंडवा: फिल्मी दुनिया के बहुआयामी कलाकार, महान पार्श्वगायक, अभिनेता, संगीतकार और गीतकार स्वर्गीय किशोर कुमार का आज 4 अगस्त को जन्मदिन पूरे देशभर में धूमधाम से मनाया जा रहा हैं।
मप्र के खंडवा में जन्मे किशोर दा ने अपनी जादुई आवाज़, अद्भुत अभिनय और बहुमुखी प्रतिभा से भारतीय सिनेमा में अमिट छाप छोड़ी। गायकी के साथ उन्होंने अभिनय, संगीत निर्देशन और गीत लेखन में भी उत्कृष्ट योगदान दिया।
उनके जन्मदिन पर सुबह से ही किशोर प्रेमी उनके पैतृक निवास ‘गांगुली हाउस’ पर पहुंचने लगे। यहां प्रशंसकों ने केक काटकर और उनके सदाबहार गीत गाकर जन्मदिन मनाया। किशोर दा के चाहने वालों ने उनकी याद में “मेरे सपनों की रानी कब आएगी तू”, “जीवन के सफर में राही” जैसे अनगिनत अमर गीत गाकर माहौल को सुरमयी बना दिया।
वही, खण्डवा में इंदौर रोड स्थित किशोर कुमार की समाधि पर भी सुबह से ही श्रद्धांजलि देने वालों का तांता लग रहा हैं। परंपरा अनुसार समाधि पर दूध और जलेबी का भोग लगाया गया।
देशभर से आए प्रशंसकों, गायक कलाकारों और संगीत प्रेमियों ने किशोर दा की समाधि पर शीश नवाकर अपने प्रिय गायक को श्रद्धांजलि दी। कई कलाकारों ने उनके मशहूर गीत गाकर भावभीनी स्वरांजलि अर्पित की।
इस मौके पर खंडवा के नागरिकों के साथ जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित रहे। उन्होंने भी किशोर दा के गाने गाकर उन्हें याद किया। शहर में जगह-जगह संगीत प्रेमियों द्वारा आयोजित कार्यक्रमों में किशोर कुमार के गीत गूंजते रहे और आज पूरा खंडवा एक दिन के लिए संगीत नगरी में तब्दील हो गया हैं।
किशोर दा का यह जन्मदिन एक बार फिर इस बात का प्रमाण बन गया कि उनकी आवाज़ और व्यक्तित्व आज भी उतने ही जीवंत और प्रेरणादायी हैं, जितने उनके जीवनकाल में थे।

More Stories
श्रम कानूनों के प्रभावी अनुपालन हेतु “Shram Star Rating System” लागू
दसवीं बोर्ड टॉपर कु. प्रतिभा सोलंकी को प्रोत्साहन स्वरूप मिलेंगे एक लाख रुपये : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा बाबा महाकाल की भस्मारती में हुए शामिल, किए दर्शन