भोपाल: अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर तरंग ऑडीटोरियम रामपुर में मध्यप्रदेश पॉवर ट्रांसमिशन कंपनी (एम.पी. ट्रांसको) की मातृशक्ति का सम्मान कार्यक्रम आयोजित हुआ। इसमें मुख्यालय जबलपुर स्थित सभी नियमित, संविदा एवं आउटसोर्स महिला कार्मिकों को सम्मानित किया गया।
मध्यप्रदेश पॉवर ट्रांसमिशन कंपनी के प्रबंध संचालक इंजी. सुनील तिवारी ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस सिर्फ महिलाओं के प्रति आदर व्यक्त करने का दिन नहीं है बल्कि यह उन तमाम मातृशक्ति की उपलब्धियों का सम्मान करने का अवसर है। इनके कारण समाज में महिलाओं ने बदलाव लाया है।
मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के प्रबंध संचालक अनय द्विवेदी ने कहा कि देश एवं समाज के सर्वांगीण विकास के लिये महिलाओं की अधिक से अधिक भागीदारी और उनका प्रोत्साहन आवश्यक है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त होने के लिये नौकरी या व्यवसाय करना चाहिये।
मध्यप्रदेश पॉवर जनरेटिंग कंपनी के प्रबंध संचालक मंजीत सिंह ने कहा कि मातृशक्ति के कारण हम सबका अस्तित्व है। आज पॉवर सेक्टर में भी महिलाओं का बोलबाला है और जनरेशन जैसी कंपनी में भी मातृ शक्ति पॉवर हाउस जैसी कठिन जगह पर कार्य कर रही है।
मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी की सी.जी.एम. श्रीमति नीता राठौर ने अपने उदबोधन मे कहा कि भारत में महिला प्रारंभ से ही शक्ति के रूप में पूजी जाती रहीं है। वह पहले भी सशक्त थीं और अभी भी पुरूषों के साथ कंधा से कंधा मिलाकर हर क्षेत्र में कार्य कर रही हैं। उन्होंने कहा कि विद्युत परिवार महिला कार्मिकों के लिये सुरक्षित एवं साफ-सुथरा कार्यस्थल है।
जबलपुर के मुख्य चिकित्सा स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय मिश्रा ने कहा कि हालांकि स्वास्थ्य विभाग में महिलाओं की ज्यादा भागीदारी रहती है लेकिन उन्होंने पहली बार विद्युत क्षेत्र में महिलाओं को इस तरह के चुनौती भरे कार्य निष्पादित करते हुये जाना।
मुख्य अभियंता देवाशीष चक्रवर्ती के संयोजन में नारी के प्रति बदलते सकारात्मक रवैये को परिलक्षित करती एम.पी. ट्रांसको के कार्मिकों द्वारा एक लघु नाटिका का मंचन भी किया गया।

More Stories
उज्जैन कलेक्टर कार्यालय एवं जिला पंचायत कार्यालय दमदमा में शुरू हुई एमपी ई-सेवा हेल्प डेस्क
साधना सप्ताह में देश में तृतीय स्थान अर्जित करने पर जनसंपर्क विभाग को एमएसएमई मंत्री काश्यप ने सिविल सेवा दिवस पर किया पुरस्कृत
देवास पुलिस की नवाचार पहल “पुलिस चौपाल” को सीएम एक्सीलेंस अवार्ड