नईदिल्ली: दिल्ली विधानसभा चुनाव में आएम आदमी पार्टी को बड़ा गहरा झटका लगा हैं। लगातार दस सालों से सत्ता पर काबिज आम आदमी पार्टी की इस विधानसभा चुनाव में बहुत बड़ी दुर्गति हुई है। अभी तक जारी मतगणना में आये परिणाम व रुझानों के अनुसार भाजपा 29 सीट जीत चुकी है और 19 सीटों पर आगे है यानी बहुमत हासिल है वही आम आदमी पार्टी अभी तक 9 सीटे जीत चुकी है और 13 सीटों पर आगे है यानी कुल 22 सीट जो बहुमत से बहुत दूर हैं और हार की कगार पर है।
आम आदमी पार्टी के संयोजक व पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल, पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया और दिल्ली के पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन भी चुनाव हार गए। शकूर बस्ती सीट से सत्येंद्र जैन को बीजेपी के करनैल सिंह ने हराया। गौर करने वाली बात है कि केजरीवाल, सिसोदिया और जैन तीनों ही जेल जा चुके हैं। दिल्ली की जनता ने जेल जाने वाले नेताओं को बाहर का रास्ता दिखा दिया है।
बीजेपी के मनजिंदर सिंह सिरसा और रेखा गुप्ता ने राजौरी गार्डेन तथा शालीमार विधानसभा क्षेत्र से जीत दर्ज की। दिल्ली कैंट विधानसभा क्षेत्र से आम आदमी पार्टी के वीरेंद्र सिंह कादियान ने जीत दर्ज की। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी और बीजेपी उम्मीदवार तंवर को 2029 मतों से पराजित किया। सिरसा ने राजौरी गार्डेन से आम आदमी पार्टी की प्रत्याशी धनवती चंदेला को 18190 मतों के अंतर से पराजित किया। शालीमार से बीजेपी नेता रेखा गुप्ता ने आप उम्मीदवार वंदना कुमारी को 29595 मतों से पराजित किया।
रुझानों से अब लगभग स्पष्ट हो गया है कि भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) 27 साल बाद दिल्ली की सत्ता में वापसी करने जा रही है। दिल्ली में पांच फरवरी को हुए चुनाव में 1.55 करोड़ पात्र मतदाताओं में से 60.54 प्रतिशत ने मतदान किया था। बीजेपी ने 1993 में दिल्ली में सरकार बनाई थी। उस चुनाव में उसे 49 सीट पर जीत मिली थी।
अन्ना आंदोलन से नेता के रूप में उभरे अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी ने 2015 में 67 सीट जीतकर सरकार बनाई और 2020 में 62 सीट जीतकर सत्ता में धमाकेदार वापसी की थी। इसके पहले 2013 के अपने पहले चुनाव में आप ने 31 सीट जीती थीं लेकिन वह सत्ता से दूर रह गई थी। बाद में कांग्रेस के समर्थन से केजरीवाल पहली बार दिल्ली के मुख्यमंत्री बने थे।
इस बार सत्ता की अग्रसर बीजेपी 2015 के चुनाव में सिर्फ तीन सीट पर सिमट गई थी जबकि 2020 के चुनाव में उसके सीट की संख्या बढ़कर आठ हो गई थी। वैकल्पिक और ईमानदार राजनीति के साथ भ्रष्टाचार पर प्रहार के दावे के साथ राजनीति में कदम रखने वाले केजरीवाल और उनकी आम आदमी पार्टी को इस चुनाव से पहले कई आरोपों का भी सामना करना पड़ा और उसके कई नेताओं को जेल भी जाना पड़ा।
बीजेपी ने शराब घोटाले से लेकर ‘शीशमहल’ बनाने जैसे आरोप लगाकर केजरीवाल और आप के कथित भ्रष्टाचार को इस चुनाव में मुख्य मुद्दा बनाया और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी इन विषयों पर लगातार हमले किए। हरियाणा और महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के बाद दिल्ली में बीजेपी को मिली जीत कई मायनो में अहम है।
आप संयोजक दिल्ली को विकास का ‘केजरीवाल मॉडल’ बताकर चुनाव मैदान में थे जबकि बीजेपी ने इसके विरुद्ध विकास का ‘मोदी मॉडल’ पेश किया था। इसके तहत बीजेपी ने जहां अपने संकल्प पत्र में मुफ्त बिजली, पानी सहित आप सरकार की अन्य कल्याणकारी योजनाओं को जारी रखने के साथ ही महिलाओं को 2500 रुपये का मासिक भत्ता और 10 लाख रुपये तक का ‘मुफ्त’ इलाज सहित कई अन्य वादे किए थे।
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में पार्टी की हार के बाद पहली प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि हमें जनता का फैसला स्वीकार है। बीजेपी को इस जीत पर बधाई। हम जनता के सुख-दुख में काम आते रहेंगे।
केजरीवाल ने वीडियो मैसेज में कहा कि आज दिल्ली चुनाव के नतीजे आए हैं। जनता का जो भी फैसला है, हमें उसे पूरी विनम्रता से स्वीकार करते हैं। जनता का फैसला सिर-माथे पर। मैं बीजेपी को जीत की बधाई देता हूं। मैं उम्मीद करता हूं कि जिस उम्मीद के साथ लोगों ने उन्हें बहुमत दिया है। वह उन उम्मीदों पर खरा उतरेगे। उन्होंने कहा कि हमें पिछले दस साल में जनता ने जो मौका दिया है, हमने बहुत काम किया है। शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली और पानी के क्षेत्र में बहुत काम किया है। हमने अलग-अलग तरीके से लोगों को राहत पहुंचाने की कोशिश की है। दिल्ली के इन्फ्रास्ट्रक्चर में सुधार करने की कोशिश की है।
केजरीवाल ने कहा कि हम लोगों के सुख-दुख में हमेशा काम आएंगे क्योंकि हम राजनीति में सत्ता के लिए नहीं आए हैं। हम राजनीति को एक जरिया मानते हैं, जिसके जरिए हम जनता की सेवा कर सकें। हम केवल एक मजबूत विपक्ष की भूमिका निभाएंगे बल्कि समाज सेवा भी करते रहेंगे। हमें जनता के सुख-दुख में इसी तरह काम आना हैं।
वही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर कर इस जीत के लिए दिल्लीवासियों का आभार जताया है।
पीएम मोदी ने एक्स पर एक पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, ‘जनशक्ति सर्वोपरि! विकास जीता, सुशासन जीता… दिल्ली के अपने सभी भाई-बहनों को बीजेपी को ऐतिहासिक जीत दिलाने के लिए मेरा वंदन और अभिनंदन। आपने जो भरपूर आशीर्वाद और स्नेह दिया है, उसके लिए आप सभी का हृदय से बहुत-बहुत आभार। उन्होंने कहा, ‘दिल्ली के चौतरफा विकास और यहां के लोगों का जीवन उत्तम बनाने के लिए हम कोई कोर-कसर नहीं छोडेंगे, यह हमारी गारंटी है। इसके साथ ही हम यह भी सुनिश्चित करेंगे कि विकसित भारत के निर्माण में दिल्ली की अहम भूमिका हो। मुझे भाजपा के अपने सभी कार्यकर्ताओं पर बहुत गर्व है, जिन्होंने इस प्रचंड जनादेश के लिए दिन-रात एक कर दिया। अब हम और भी अधिक मजबूती से अपने दिल्लीवासियों की सेवा में समर्पित रहेंगे।
भाजपा की दिल्ली में बड़ी जीत पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, ‘दिल्ली में झूठ के शासन का अंत हुआ है। यह अहंकार और अराजकता की हार है। यह ‘मोदी की गारंटी’ और मोदी जी के विकास के विजन पर दिल्लीवासियों के विश्वास की जीत है। इस प्रचंड जनादेश के लिए दिल्ली की जनता का दिल से आभार., मोदी जी के नेतृत्व में भाजपा अपने सभी वादे पूरे कर दिल्ली को विश्व की नंबर 1 राजधानी बनाने के लिए संकल्पित है।
दिल्ली में भाजपा को मिली बड़ी जीत पर देशभर में भाजपा नेताओं कार्यकर्ताओ सहित समर्थकों में हर्ष की लहर हैं। भाजपाइयों द्वारा जगह जगह जमकर जश्न मनाया जा रहा हैं।

More Stories
जनसुनवाई में प्राप्त शिकायत पर की गई त्वरित कार्रवाई, अतिक्रमण हटाकर रास्ता किया गया सुगम
जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत पक्षियों के पेयजल के लिए ग्राम सरवना में विभिन्न स्थानों पर मिट्टी के पात्र रखे गए
सरकार की खेत तालाब योजना किसान के लिए बनी वरदान, अधिक उत्पादन से हुआ फायदा