नईदिल्ली: सीरिया में गंभीर होती स्थिति को देखते हुए भारतीय विदेश मंत्रालय की ओर से एडवाइजरी जारी की गई है। विदेश मंत्रालय की तरफ से हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं साथ ही वहां यात्रा न करने की सलाह दी गई है।
सोशल मीडिया एक्स पर विदेश मंत्रालय ने पोस्ट किया, “सीरिया के हालात को देखते हुए भारतीय नागरिकों को सीरिया की यात्रा तब तक न करने की सलाह दी जाती है, जब तक इस बारे में फिर से सूचना नहीं दी जाती। सीरिया में रह रहे भारतीय नागरिकों को सलाह है कि वो भारतीय दूतावास के संपर्क में रहे। दमिश्क में भारतीय दूतावास की इमरजेंसी हेल्पलाइन नंबर +963993385793 पर संपर्क किया जा सकता है, यही नंबर व्हाट्स एप पर भी उपलब्ध है। इस नंबर से सभी जरूरी सूचनाएं जारी की जा रही हैं। hoc.damascus@mea.gov.in पर आप ईमेल भी कर सकते हैं। अभी जो लोग सीरिया में हैं वो जल्द से जल्द वहां से लौटने की कोशिश करें और जब तक ऐसा नहीं हो पाता अपनी सुरक्षा का ख्याल रखें।
सीरिया में इस्लामवादियों के नेतृत्व में विद्रोहियों का नियंत्रण बढ़ने के बीच भारत ने शुक्रवार को कहा कि वह वहां की स्थिति पर करीबी नजर रखे हुए है। विद्रोहियों ने देश के सबसे बड़े शहर अलेप्पो के अधिकतर भूभाग पर कब्जा करने के बाद बृहस्पतिवार को मध्य सीरिया के शहर होम्स को भी काफी हद तक अपने कब्जे में कर लिया है। हजारों लोगों को होम्स छोड़कर जाना पड़ा है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, “हमने उत्तर सीरिया में हाल में लड़ाई तेज होने पर ध्यान दिया है। हम स्थिति पर करीबी नजर रखे हुए हैं। सीरिया में लगभग 90 भारतीय नागरिक हैं, जिनमें से 14 संयुक्त राष्ट्र के विभिन्न संगठनों के लिए काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा, “हमारा मिशन हमारे नागरिकों की सुरक्षा के लिए लगातार उनसे संपर्क बनाए हुए है। जायसवाल ने साप्ताहिक संवाददाता सम्मेलन के दौरान एक सवाल के जवाब में यह बात कही।

More Stories
जनसुनवाई में प्राप्त शिकायत पर की गई त्वरित कार्रवाई, अतिक्रमण हटाकर रास्ता किया गया सुगम
जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत पक्षियों के पेयजल के लिए ग्राम सरवना में विभिन्न स्थानों पर मिट्टी के पात्र रखे गए
सरकार की खेत तालाब योजना किसान के लिए बनी वरदान, अधिक उत्पादन से हुआ फायदा