नईदिल्ली: देशभर के कई राज्यों में ठंड ने दस्तक दे दी है। उत्तर भारत में ठंड का दौर शुरू हो चुका है। देश के कई हिस्सों में पारा लुढ़कने के साथ-साथ कोहरा और घना होता जा रहा है। जिसका असर विजिबिलिटी पर पड़ रहा है। वहीं, कई राज्यों में वायु प्रदूषण भी चरम पर है। सुबह की सर्द हवाओं के बीच कहीं घना कोहरा नजर आ रहा है तो कहीं हवा में घुला जहरीला धुआं यानी स्मॉग।
देश मे मौसम विभाग ने सोमवार (18 नवंबर) के लिए दिल्ली में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। IMD के अनुसार सोमवार को दिल्ली में घना कोहरा पड़ सकता है। वहीं, लगातार खराब होती हवा के चलते सोमवार (18 नवंबर) से दिल्ली में ग्रैप-4 लागू करने का फैसला किया गया है।इसके साथ ही दिल्ली में ठंड बढ़ने के संकेत भी मिले हैं। उत्तरी राज्यों में बर्फबारी हो रही है और रविवार रात नोएडा में तेज हवाएं चल रही हैं। इससे साफ है कि आने वाले दिनों में दिल्ली एनसीआर में कड़ाके की ठंड पड़ने वाली है। रविवार शाम दिल्ली का AQI 462 पहुंच गया। इसके बाद ही ग्रैप-4 लागू करने का फैसला किया गया है।
दिल्ली के साथ-साथ राजस्थान, बिहार, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ के लिए भी वॉर्निंग जारी की गई है। मौसम विभाग ने एक्स पर लिखा “17 नवंबर की देर रात और 18 नवंबर की सुबह हरियाणा और चंडीगढ़ के कुछ इलाकों में घना से लेकर बहुत घना कोहरा छाए रहने की संभावना है और उसके बाद 24 घंटों तक घना कोहरा छाया रहेगा।”
जहां मैदानी इलाके घने कोहरे से परेशान हैं वहीं, पहाड़ी इलाकों यानी जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और लद्दाख के कुछ हिस्सों में बर्फबारी का दौर जारी है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में 15000 फीट से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्र में जोरदार बर्फबारी होने की संभावना है। मैदानी राज्यों के मुकाबले पहाड़ों में मौसम का हाल ज्यादा ठंडा होने वाला है। आईएमडी की मानें तो हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश और भारी बर्फबारी की होने की संभावना है। ऐसे में यहां रहने वाले लोगों को अधिक सावधानी बरतने की जरूरत है।
मौसम विभाग के अनुसार, पंजाब, दिल्ली, हरियाणा और पूर्वी उत्तर प्रदेश के साथ-साथ बिहार के 20 जिलों में मौसम ने करवट बदल ली है। आईएमडी ने पंजाब से लेकर बिहार तक में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है। पंजाब के कुछ क्षेत्र हरियाणा, बिहार, पूर्वी उत्तर प्रदेश और पश्चिमी राजस्थान में 18 नवंबर तक, हिमाचल प्रदेश से लेकर सिक्किम तक 19 नवंबर तक घने कोहरे की चादर देखने को मिल सकती है। इन राज्यों में जैसे-जैसे पारा लुढ़क रहा है वैसे-वैसे ठंड भी बढ़ती जा रही है। ऐसे में आने वाले दिनों में पंजाब, दिल्ली, उत्तरी राजस्थान, उत्तर प्रदेश से लेकर मध्य प्रदेश, बिहार और झारखंड, ओडिशा तक के तापमान में जबरदस्त गिरावट देखने को मिल सकती है।
वहीं कुछ राज्य ऐसे भी हैं जहां बारिश होने का सिलसिला जारी है। मौसम विभाग के अनुसार, अंडमान और निकोबार में तेज बारिश हो सकती है। तमिलनाडु और केरल में भारी से बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है। इसके अलावा पुडुचेरी, कराईकल, केरल, तटीय लक्षद्वीप और दक्षिणी कर्नाटक के अलग-अलग स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं, आंध्र प्रदेश के कई तटीय इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। इन इलाकों में रहने वाले लोगों को अधिक सावधान रहने की जरूरत है।

More Stories
किसानों को गेहूँ विक्रय के लिये 30 अप्रैल तक स्लॉट बुकिंग की सुविधा : मंत्री राजपूत
CrPI सिस्टम/MCU के प्रभावी संचालन हेतु राज्य स्तरीय कार्यशाला आयोजित
भाजपा के वरिष्ठ नेता हरिवंश नारायण सिंह तीसरी बार निर्विरोध चुने गए राज्यसभा के उपसभापति, पीएम मोदी ने दी बधाई