मणिपुर: मणिपुर में उग्रवादी हमला हुआ है। इस हमले में सीआरपीएफ (CRPF) के दो जवान शहीद हो गए हैं। शहीद हुए दोनों जवान 128वीं बटालियन के थे। घटना नारानसेना इलाके की है। कुकी उग्रवादियों ने ये हमला किया है।
घटना की जानकारी देते हुए मणिपुर पुलिस ने बताया है कि मणिपुर के नारानसेना इलाके में आधी रात से लेकर सुबह 2:15 बजे तक कुकी उग्रवादियों के हमले में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के दो जवान शहीद हो गए। ये जवान राज्य के बिष्णुपुर जिले के नारानसेना इलाके में तैनात CRPF की 128वीं बटालियन के थे।
बता दें कि मणिपुर करीब एक साल से छिटपुट हिंसा की आग में झुलस रहा है। मैतेई और कुकी समुदायों के बीच शुरू हुई जातीय हिंसा खत्म होने का नाम नहीं ले रही है। आए दिन यहां गोलीबारी और हत्या की खबरें सामने आती रहती है। तीन दिन पहले मणिपुर से गोलीबारी की घटना सामने आई थी। पश्चिमी इंफाल के अवांग सेकमई और पड़ोसी लुवांगसंगोल गांव में दो गुटों में झड़प हो गई थी। इस दौरान दोनों तरफ से गोलीबारी हुई थी। हालांकि, इस घटना में किसी के हताहत होने की कोई जानकारी सामने नहीं आई थी। गोलीबारी के बाद इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की गई। मणिपुर में अब तक की हिंसा में तकरीबन 200 से अधिक लोग मारे जा चुके हैं। हजारों लोग घायल हुए हैं और इससे अधिक लोगों को बेघर होना पड़ा है। हजारों लोग पलायन कर गए।

More Stories
उज्जैन कलेक्टर कार्यालय एवं जिला पंचायत कार्यालय दमदमा में शुरू हुई एमपी ई-सेवा हेल्प डेस्क
साधना सप्ताह में देश में तृतीय स्थान अर्जित करने पर जनसंपर्क विभाग को एमएसएमई मंत्री काश्यप ने सिविल सेवा दिवस पर किया पुरस्कृत
देवास पुलिस की नवाचार पहल “पुलिस चौपाल” को सीएम एक्सीलेंस अवार्ड