April 21, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

पीएम मोदी ने वाराणसी में डेयरी प्लांट सहित करीब 14 हजार करोड़ की विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया

वाराणसी: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी के दौरे पर हैं। उन्होंने आज शुक्रवार सुबह बीएचयू में काशी सांसद संस्कृत प्रतियोगिता के पुरस्कार वितरण समारोह में शिरकत की। उसके बाद वह सीर गोवर्धन गांव पहुंचे। यहां उन्होंने संत रविदास मंदिर में पूजा की ​और लंगर प्रसाद ग्रहण किया। इसके बाद मंदिर परिसर में संत रविदास की 25 फीट ऊंची प्रतिमा का अनावरण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी उनके साथ मौजूद रहे।

इसके बाद पीएम मोदी करखियावां पहुंचे। यहां आयोजित एक सार्वजनिक कार्यक्रम में उन्होंने सीएम योगी के साथ खुली जीप में सवार होकर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी ने बनास डेयरी प्लांट समेत ₹10,972 करोड़ की 23 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और ₹3,344 करोड़ की एक दर्जन से अधिक परियोजनाओं का शिलान्यास किया।

अमूल के सबसे बड़े प्लांट काशी बनास डेयरी संकुल के उद्घाटन के बाद पीएम मोदी ने कहा, ‘यह पूर्वांचल के लिए बहुत बड़ी सौगात है, इससे हमारा किसान और मजबूत होगा। पूर्वांचल में कुछ अच्छा होता है तो आनंद मिलता है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोकार्पण एवं शिलान्यास समारोह के दौरान अपने संबोधन में कहा कि अयोध्या में 500 साल के इंतजार के बाद बने राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा के बाद आज पीएम मोदी वाराणसी आए हैं, उनका स्वागत है। काशी धाम के बाद अयोध्या में रामलला का विराजमान होना हर भारतीय को अभिभूत करता है।पीएम मोदी ने विगत 10 वर्षों में हजारों कराड़ों रुपए की विकास परियोजनाओं से काशी को दुनियाभर में स्थापित किया है, आज भी 13-14 हजार करोड़ की योजनाओं का उद्घाटन उन्होंने किया है।

सीएम योगी ने कहा कि बनास डेयरी के जरिए दूध उत्पादन में यूपी ने बड़ा कदम बढ़ाया है। अब गौ माता का भी संरक्षण हो जाएगा। प्रधानमंत्री ने 10 साल में 45 हजार करोड़ की योजनाएं काशी को दी हैं। पीएम मोदी का ये नया भारत है, जो सम्मान, समृद्धि और आस्था का सम्मान बनाए रखने वाला है। देशवासियों को विकसित भारत के संकल्प से जोड़ने वाले पीएम मोदी ने देश को दुनिया में पहचान दिलाई है।

Share to...