नई दिल्ली: देश की संसद पर हुए आतंकी हमले की आज 22वीं बरसी है। हमले की बरसी पर आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह और सोनिया गांधी समेत कई नेताओं ने शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दी है। इस दौरान शहीदों के परिजन भी संसद परिसर में मौजूद रहे। पीएम मोदी ने शहीदों को श्रद्धांजलि देने के बाद उनके परिजनों से मुलाकात भी की।
पीएम मोदी, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, लोकसभा स्पीकर ओम बिड़ला, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी और अन्य नेताओं ने शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दी। कतार बद्ध होकर सभी ने दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी और चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। इसके बाद पीएम मोदी ने शहीदों के परिजनों से मुलाकात भी की।
इससे पहले राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शहीदों को श्रद्धांजलि देते हुए ट्वीट कर लिखा, “इस दिन, 22 साल पहले, देश के शीर्ष राजनीतिक नेतृत्व को खत्म करने और हमारे लोकतंत्र के मंदिर को नुकसान पहुंचाने की आतंकवादियों की नापाक योजना को बहादुर सुरक्षाकर्मियों ने नाकाम कर दिया था, इसमें 9 लोगों ने मातृभूमि के लिए अपनी जान दे दी थी। राष्ट्र हमेशा उनका ऋणी रहेगा।
विदित हो कि पाकिस्तान के आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा और जैश-ए-मोहम्मद के आतंकियों ने 13 दिसंबर, 2001 को संसद परिसर पर हमला किया था, जिसमें नौ लोगों की मौत हो गई थी। इस दौरान सुरक्षा बलों ने पांचों आतंकियों को मार गिराया था।

More Stories
पारिवारिक संस्कृति व प्रेम, शांति, सद्भावना रथ को मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दिखाई हरी झण्डी
ट्रांसमिशन लाइन मेंटेनेंस स्टॉफ अर्जुन कारले एवं आउटसोर्स कर्मी शिवपाल निकुम पुरस्कृत
केदारनाथ मंदिर परिसर में मोबाइल-रील्स पर रोक, मंदिर समिति ने बनाये कड़े नियम