April 22, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

रिमोट द्वारा जबलपुर से 145 कि.मी. दूर सिवनी में ऊर्जीकृत हुआ पॉवर ट्रांसफार्मर

जबलपुर: एम.पी. ट्रांसको (मध्य प्रदेश पॉवर ट्रांसमिशन कंपनी) ने सिवनी जिले के 132 के.व्ही. सबस्टेशन सिवनी में एक 63 एम.व्ही.ए. क्षमता का नया पावर ट्रांसफार्मर स्थापित किया है।

ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने बताया है कि जबलपुर से 145 कि.मी. दूर स्थापित इस ट्रांसफार्मर को बिजली कंपनी के मुख्यालय जबलपुर से पावर सेक्टर की एडवांस टेक्नालॉजी के माध्यम से ऊर्जीकृत करने में सफलता हासिल हुई है। लगभग 5 करोड़ रूपये की अनुमानित लागत से स्थापित इस ट्रांसफार्मर के ऊर्जीकृत होने से सिवनी जिले की पारेषण क्षमता सुदृढ़ हुई है।

इस ट्रांसफार्मर के स्थापित होने से सिवनी की 132 के.व्ही. सबस्टेशन की क्षमता बढ़कर 113 एम.व्ही.ए. की हो गई है। इससे सिवनी शहर के अलावा बरघाट, मलारा, केवलारी, कुरई, अरी, कारीरात एवं गोपालगंज ग्रामीण क्षेत्रों से जुड़े विद्युत उपभोक्ताओं के साथ सिवनी शहर में पानी की आपूर्ति करने वाले पी.एच.ई. फीडर को काफी फायदा पहुँचेगा। अब उन्हें उचित वोल्टेज पर गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति होगी।

जबलपुर से एच.एम.आई (हयूमन मशीन इंटरफेस) तकनीक का उपयोग करते हुये कम्प्यूटर का माउस क्लिक कर 145 किलोमीटर दूर सिवनी में इस ट्रांसफार्मर को ऊर्जीकृत किया गया। सिवनी जिले में ट्रांसफार्मर ऊर्जीकृत करने के लिए इस तकनीक का उपयोग पहली बार किया गया है। इस तकनीक में मानव और कम्प्यूटर मशीनों के तालमेल से सबस्टेशनों के उपकरणों को नियंत्रित और संचालित किया जाता है।

म.प्र. पावर ट्रांसमिशन कंपनी के कार्यपालन अभियंता अरूण कुमार वैद्य ने बताया कि इस ट्रांसफार्मर के ऊर्जीकृत होने से सिवनी जिले की कुल ट्रांसफारमेशन क्षमता बढ़कर 883 एम.व्ही.ए. की हो गई है। इसमें 220 के.व्ही. साइड 520 एम.व्ही.ए. तथा 132 के.व्ही. साइड 363 एम.व्ही.ए. की स्थापित क्षमता शामिल है। मध्य प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी सिवनी जिले में अपने 4 सबस्टेशनों के माध्यम से विद्युत पारेषण करती है, जिसमें 220 के.व्ही. के 1 सबस्टेशन तथा 132 के.व्ही. क्षमता के 3 सबस्टेशन क्रियाशील है।

Share to...