April 19, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

भोपाल में सीएम शिवराज सिंह चौहान ने पूर्व सीएम व कांग्रेस के सीनियर लीडर स्व. अर्जुनसिंह की मूर्ति का अनावरण किया

भोपाल: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज भोपाल के व्यापमं चौराहे पर मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के सीनियर लीडर स्व अर्जुन सिंह की प्रतिमा का अनावरण किया और उनके चरणों मे श्रद्धा सुमन अर्पित किए। सीएम शिवराज ने प्रतिमा का अनावरण कर उनके जीवन से जुड़े कुछ किस्से भी सुनाएं।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मूर्ति अनावरण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि सबसे पहले मैं स्वर्गीय अर्जुन सिंह जी के चरणों में श्रद्धा के सुमन अर्पित करता हूं। स्वर्गीय अर्जुन सिंह जी किसी दल या संस्था के कारण नेता नही थे। वह अपने व्यक्तित्व के कारण नेता बने थे। वह जिस दल में रहे उसे अपनी मेहनत,व्यक्तित्व, परिश्रम से प्रासंगिक बना दिया। स्वर्गीय अर्जुन सिंह जी मुख्यमंत्री थे और उस समय में युवा मोर्चा का कार्यकर्ता था। मैं सरकार की गलत नीतियों का मुखर होकर विरोध करता था। कई बार बातचीत के लिए हम लोगों को बुलाया जाता था। वह विपरीत विचारों को भी बड़ी सहजता से सुनते थे।

स्वर्गीय अर्जुन सिंह जी ने मुख्यमंत्री और विभिन्न पदों पर रहते हुए जो कार्य किए है उसके लिए उन्हें मध्यप्रदेश सदैव याद करेगा। गरीब और वंचित के कल्याण के लिए सदैव समर्पित रहे। साथ ही सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि स्वर्गीय अर्जुन सिंह राजनीति के चाणक्य थे। पंडित दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि के कार्यक्रम में वे आए थे, जबकि वह बीजेपी का कार्यक्रम था। आजकल ऐसे मंच पर जाना भी साहस का काम नहीं।

मूर्ति अनावरण कार्यक्रम में स्वर्गीय अर्जुन सिंह की बेटी वीणा सिंह ने मुख्यमंत्री से भारत भवन की उपलब्धि उनके पिता के नाम पर दर्ज करने की मांग की साथ ही उन्होंने कॉरिडोर में एक फोटो गैलरी भी उनके नाम करने की मांग की। कार्यक्रम में अर्जुन सिंह की बेटे पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल भैया भी मौजूद रहे।

मूर्ति अनावरण कार्यक्रम में पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह भी मौजूद रहे। पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह शिवराज सिंह चौहान दोनों एक मंच पर एक साथ नजर आए। इस अवसर पर पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने कहा मुझे बहुत दिनों से इस बात का इंतजार था कि अर्जुन जी की प्रतिमा का अनावरण हो। उनकी मूर्ति का अनावरण किया गया है। अर्जुन सिंह के बारे में कुछ शब्दों में कहना असंभव है। आज मैं जो कुछ भी हूं अर्जुन सिंह की बदौलत हूं। मेरे राजनीतिक जीवन की शुरूआत उनके चरणों में प्रारंभ हुई। हर कदम पर हर समय उन्होंने मुझे पूरा सहयोग किया और आगे बढ़ाया। उनके काम करने का तरीका अद्भुत था वे कम बोलते थे और जो भी बोलते थे वह कर के दिखाते थे।
चाहे वह द्वारका प्रसाद मिश्र के मंत्रिमंडल में मंत्री रहे चाहे विपक्ष के नेता रहे।

Share to...