April 21, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

भाजयुमो के हरा भरा मप्र अभियान की सीएम व प्रदेश अध्यक्ष ने की शुरुआत 75 लाख पौधे लगाने का संकल्प

भोपाल: मध्यप्रदेश को हरा-भरा करने के लिए भारतीय जनता युवा मोर्चा ने प्रदेश में 75 लाख पौधारोपण का संकल्प लिया है और इसी को लेकर हरा भरा मध्यप्रदेश अभियान शुरू किया जा रहा है,भाजयुमो के द्वारा वृहद स्तर पर पौधारोपण किया जाएगा।

राजधानी भोपाल में आज मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा ने ‘हरा-भरा मध्यप्रदेश’ अभियान की शुरूआत की। दरअसल भारतीय जनता युवा मोर्चा ने प्रदेश में 75 लाख पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया है और इसी के तहत आज टीटी नगर स्थित स्मार्ट सिटी पार्क में पौधारोपण कर अभियान की शुरुआत हुई।

कार्यक्रम में सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा की भारतीय जनता पार्टी सिर्फ सत्ता के लिए राजनीति में नहीं है, बल्कि उसके कार्यकर्ता समाज और देश-दुनिया के प्रति अपनी जिम्मेदारी भी समझते हैं। भाजपा युवा मोर्चा का ‘हरा-भरा मध्यप्रदेश’ ऐसा ही अभियान है, जिसके दौरान मोर्चा कार्यकर्ता पर्यावरण संरक्षण तथा ग्लोबल वार्मिंग जैसे संकट का सामना करने के लिए 75 लाख पौधे रोपेंगे।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री के साथ प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा, संगठन महामंत्री हितानंद, प्रदेश महामंत्री कविता पाटीदार, प्रदेश सरकार के मंत्री भूपेंद्रसिंह, युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष वैभव पंवार तथा भोपाल नगर निगम के अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी सहित पार्टी नेताओं ने पौधे भी रोपे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि भाजपा सिर्फ सत्ता चलाने के लिए नहीं, बल्कि देश को आगे बढ़ाने को लिए प्रतिबद्ध है। आज पूरा विश्व ग्लोबल वार्मिंग की समस्या का सामना कर रहा है। इसलिए प्रकृति को बचाने के लिए हमें पेड़ लगाकार हरा भरा राष्ट्र बनाना है। पेड़ हमारे जीवनदाता हैं। उन्होंने कहा कि पेड़ लगाना मेरे जीवन का हिस्सा और संस्कार बन गया है। मेरे दिन की शुरुआत पौधारोपण से होती है। युवा मोर्चा के साथियों के साथ मेरा सभी नागरिकों से निवेदन है कि अपने परिवार के साथ एक पेड़ अवश्य लगाएँ। इसके साथ ही सीएम चौहान ने इस अभियान के शुभारंभ पर युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं को बधाई भी दी।

हरा भरा मध्यप्रदेश अभियान के शुभारंभ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता संगठन के साथ-साथ विभिन्न सामाजिक क्षेत्रों में भी अपनी भूमिका का निर्वहन कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में आज भारत पर्यावरण संरक्षण की दिशा में दुनिया का अग्रदूत बनकर उभरा है, तो मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान प्रतिदिन पौधारोपण कर लोगों को पर्यावरण के प्रति जागरुक कर रहे हैं। शर्मा ने ये कहा कि पर्यावरण की रक्षा की दिशा में ‘हरा भरा मध्यप्रदेश’ एक सराहनीय पहल है, जिसके लिए मैं युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं को बधाई और शुभकामनाएं देता हूं।

हरा भरा मध्यप्रदेश अभियान कार्यक्रम में मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष वैभव पवार ने कहा कि इस महा अभियान के लिए प्रदेश स्तरीय संचालन समिति गठित की गई है जो वार्ड, मंडल, विधानसभा, एवं जिला प्रभारियों से समन्वय स्थापित करेगी। पंवार ने बताया कि इस अभियान के अंतर्गत तीन चरणों में 75 लाख पौधे रोपे जाएंगे। पहला चरण 11 सितम्बर से शुरू होगा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर तक चलेगा। द्वितीय चरण 18 सितम्बर से शुरू होगा और 25 सितंबर को श्रद्धेय पं.दीनदयाल उपाध्याय की जयंती तक चलेगा। तृतीय चरण 26 सितम्बर से शुरू होगा और महात्मा गांधी जी की जयंती 02 अक्टूबर तक चलेगा। पवार ने बताया कि 17 सितम्बर, 25 सितम्बर एवं 02 अक्टूबर को पौधारोपण के लिए वृहद अभियान चलाए जाएंगे। वैभव पवार ने बताया कि इस अभियान से जुड़ने के लिए लोग www.mpbjym.org वेबसाइट पर अपना रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। इसके अलावा 9111003009 पर मिस्ड कॉल या व्हाट्सएप पर मैसेज कर अपना पंजीयन कर सकते हैं।

Share to...