April 19, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

नवनिर्वाचित महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने किया पदभार ग्रहण,पहले दिन ही कंट्रोल रूम का किया निरीक्षण दिए निर्देश

इंदौर शहर के प्रथम नागरिक के तौर पर शुक्रवार को शपथ लेने के बाद महापौर पुष्यमित्र भार्गव शनिवार को भाजपा नेताओं के साथ पदभार ग्रहण करने निगम कार्यालय पहुंचे, जहां विधिविधान से पूजन के बाद उन्होंने अपनी मां के पैर छूकर महापौर का पदभार सम्हाला।

एक महीने पहले पूरे मध्यप्रदेश में संपन्न हुए नगरीय निकाय के चुनावों के बाद शपथ ग्रहण और पदभार ग्रहण करने का दौर जारी है। इसी कड़ी में शुक्रवार को इंदौर नगर निगम के 85 वार्डों से चुनकर आए पार्षदों और महापौर का शपथ विधि कार्यक्रम शुक्रवार को संपन्न हुआ

वहीं शनिवार को शहर के प्रथम नागरिक यानि इंदौर के नवनियुक्त महापौर पुष्यमित्र भार्गव पदभार ग्रहण करने नगर निगम स्थित महापौर कार्यालय पहुंचे जहां उनके साथ पूर्व महापौर और विधायक मालिनी गौड़,विधायक रमेश मेंदोला, नगर अध्यक्ष गौरव रणदीवे, पूर्व विधायक जीतू जिराती,सुदर्शन गुप्ता, केबिनेट दर्जा प्राप्त अध्यक्ष सावन सोनकर और भार्गव की मां भी मौजूद रहीं। मौके पर मौजूद पंडित द्वारा विधि विधान से पूजन कराए जाने के बाद भार्गव ने पदभार ग्रहण किया।

महापौर की कुर्सी सम्हालने के पहले पुष्यमित्र ने अपनी माँ के पैर छुए और फिर कुर्सी पर बैठे। इस मौके पर मौजूद भाजपा विधायकों और नेताओं ने पुष्पगुच्छ देकर भार्गव का अभिवादन किया।

पदभार के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए भार्गव ने मीडिया का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि चुनावी घोषणा पत्र में शामिल घोषणाओं में से समय समय पर सभी घोषणाएं पूरी करने का प्रयास करेंगे वहीं उन्होंने सबसे पहले जारी किए दो आदेशों की भी जानकारी दी।भार्गव ने बताया की वैध कॉलोनी एक हजार स्क्वेयर फीट के प्लॉटों के निर्माण के लिए 72 घण्टो में अनुमति जारी करने के आदेश दिए हैं साथ ही इंदौर में मजदूरों के लिए बनाए गए स्थलों पर टीन शेड और पीने के पानी की व्यवस्था करने के आदेश आज ही जारी कर दिए गए है।

इसके साथ ही नवनिर्वाचित महापौर पुष्यमित्र भार्गव नगर निगम कंट्रोल रूम का निरीक्षण करने पहुँचे और वहां की व्यवस्थाओ का निरीक्षण किया साथ ही मौजूद स्टाफ को निर्देश दिए की जो भी शिकायत आये उनका शीघ्रता के निराकरण किया जाए।

Share to...