April 19, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

पेट्रोल-डीजल की कमी, डीलर एसोसिएशन ने मुख्य सचिव को लिखा खत

मध्य प्रदेश के कुछ शहरों में पेट्रोल-डीजल की किल्लत बढ़ सकती है। पेट्रोल के दामों में तेजी से जनता पहले ही परेशान है और अब पेट्रोल मिलने में होने वाली परेशानी जनता पर और भी भारी पड़ सकती है। इस संबंध में मध्य प्रदेश पेट्रोल पंप डीलर एसोसिएशन ने राज्य के मुख्य सचिव को खत लिख कर अपनी बात रखी है। इस खत में कहा गया है कि तेल कंपनियां मांग के अनुसार राज्य में पेट्रोल-डीजल की सप्लाई नहीं कर रही हैं, जिसकी वजह से आने वाले दिनों में मुश्किलें बढ़ सकती हैं।

एसोसिएशन का तर्क है कि राज्य में नगरीय निकाय और पंचायत चुनाव की वजह से आदर्श आचार संहिता लागू है। जिसकी वजह से सभी जिलों में प्रशासन ने पेट्रोल पंप संचालकों को एक निर्धारित मात्रा में पेट्रोल एवं डीजल का स्टॉक रखने के आदेश दिये हैं। एसोसिएशन का आगे यह भी कहना है कि राज्य में अभी धान और सोयाबीन की बोवनी का काम चल रहा है, जिसकी वजह से ग्रामीण क्षेत्रों में डीजल की मांग काफी ज्यादा बढ़ी है।

इनका कहना है कि इस इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम जैसी कंपनियां मांग के अनुसार पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति नहीं कर रही है। ऐसे में मुख्य सचिव को इस मामले में अपने स्तर से हस्तक्षेप करना चाहिए। चिट्ठी में यह भी कहा गया है कि अगर इस पर कार्यवाही नहीं की गई तो किसानों को पेट्रोल-डीजल की कमी झेलनी पड़ सकती है। एसोसिएशन का कहना है कि सोमवार से इस परेशानी की शुरुआत हो सकती है।

मुख्य सचिव को लिखे खत में एसोसिएशन ने दावा किया है कि डीलर्स ने पेट्रोल और डीजल की सप्लाई के लिए कंपनियों को पूरी राशि भुगतान की है बावजूद इसके सप्लाई पूरी मात्रा में नहीं हो रहा है।

Share to...