April 18, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

उज्जैन में गडकरी बोले… अगले 5 साल में ऐसी होगी सड़कें, चलेगी एयर टैक्सी

इंदौर से हैदराबाद तक एक्सप्रेस वे, ऐसे बिछेगा सड़को का जाल

केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने मध्यप्रदेश को 11 सड़कों की सौगात दी। वहीं इंदौर से हैदराबाद तक एक्सप्रेस वे बनाने की घोषणा भी की। उज्जैन में आयोजित एक कार्यक्रम में उन्होंने 534 किलोमीटर लंबी सड़कों का शिलान्यास किया। ये सड़कें 6247 करोड़ रुपए की लागत से बनाई जाएंगी। शिलान्यास कार्यक्रम में गडकरी ने कहा कि अगले 5 साल में मध्यप्रदेश की सड़कें अमेरिका की तरह होंगी। महाकाल की नगरी उज्जैन में एयर टैक्सी चलेगी। 30 से 40 किलोमीटर तक श्रद्धालु एयर टैक्सी के जरिए मंदिर जा सकेंगे। उन्होंने चंबल नदी में फ्लाइंग बोट चलाने की भी बात कही।

गडकरी ने कहा कि इंदौर से हैदराबाद एक्सप्रेस हाइवे की लागत 15 हजार करोड़ होगी। अगली बार इंदौर आने पर इसका भूमि पूजन करेंगे। ये एक्सप्रेस वे बुरहानपुर, जलगांव होकर नांदेड़ होते हुए हैदराबाद तक जाएगा। इसकी लंबाई करीब 768 किमी होगी। उन्होंने कहा. मुख्यमंत्री जी ने हवा में बस चलने की बात कही, वो असंभव नहीं है। उत्तराखंड में 16, हिमाचल में 15 रोप.वे बना रहे हैं। उज्जैन में फ्लाईओवर की जगह लाइट रेल और एयरपोर्ट की तरह बस पोर्ट भी बना सकते हैं। आप मुझे प्रस्ताव भेजें।

दिल्ली से मुंबई एक्सप्रेस-वे का निर्माण कर रहे हैं। मुझे खुशी है कि मध्यप्रदेश में हम 12 हजार करोड़ रुपए का एक्सप्रेस हाईवे बना रहे हैं। यह हाईवे उज्जैन से मिलने के बाद उज्जैन से मुंबई 8 घंटे में, उज्जैन से दिल्ली 6 घंटे में पहुंच सकेंगे। 25 हजार करोड़ रुपए की लागत से मध्यप्रदेश में 3 ग्रीन एक्सप्रेस-वे हाईवे बना रहे हैं। 1 लाख करोड़ रुपए की लागत से दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे का निर्माण कर रहे हैं। इसका काफी हिस्सा मध्यप्रदेश में है।

केंद्रीय मंत्री वीके सिंह ने कहा कि मध्यप्रदेश में 2014 तक 5 हजार किमी राष्ट्रीय राजमार्ग थे। आज बढ़कर 9 हजार किमी हो गए हैं। सभी 52 जिले नेशनल हाईवे से जुड़ चुके हैं। इससे पहले केंद्रीय राज्यमंत्री सड़क परिवहन एवं राजमार्ग वीके सिंह ने महाकाल मंदिर में पूजा की। मंदिर के विस्तार के लिए 11 करोड़ रुपए देने की घोषणा भी की। उज्जैन आने से पहले गडकरी का इंदौर एयरपोर्ट पर जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट ने स्वागत किया।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि महाशिवरात्रि पर उज्जैन में 21 लाख दीपक जलाए जाएंगे। वह खुद 11 दीप जलाने आएंगे। शिलान्यास कार्यक्रम में मध्यप्रदेश के लोक निर्माण मंत्री गोपाल भार्गव, उच्च शिक्षा मंत्री मोहन यादव, सुमित्रा महाजन, सांसद अनिल फिरौजिया भी मौजूद रहे।

Share to...