Madhya Pradesh Corona Ward: मध्यप्रदेश में अमानवीयता की हद पार होती नजर आई, साथ ही जिम्मेदार गैरजिम्मेदाराना बयान देते नजर आए। शिवपुरी जिला अस्पताल में भर्ती संक्रमित कोरोना (Corona Virus) मरीज की ऑक्सीजन मशीन वार्ड बॉय ने हटा दी। ऑक्सीजन की कमी के चलते उन्होंने तड़प-तड़पकर बेटे के सामने ही बिस्तर पर दम तोड़ दिया। इससे पहले ऑक्सीजन मास्क को मुंह से दबाकर ऑक्सीजन लेने की कोशिश करते रहे। उन्हें क्या पता था कि ऑक्सीजन देने वाली मशीन याने कि सिलेंडर ही नहीं है। वे अपना सिर घुटनों के बीच फंसाते तो कभी सिर पटकते रहे। 9 घंटे तक न तो डॉक्टर आए और न ही कोई स्टाफ।
बाद में बेटा पहुंचा तो उसने तड़पते पिता को आईसीयू में ले जाने की कोशिश की, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। यह पूरी घटना कोविड वार्ड में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। घटना के बाद परिजन के हंगामे और आरोपों के बीच अस्पताल के अधीक्षक डॉ केबी वर्मा ने कहा कि मरीज की ऑक्सीजन नहीं हटाई गई। उनकी हालत खराब थी, इसलिए उन्हें बचाया नहीं जा सका। परिजन नहीं माने और कोविड वार्ड के सीसीटीवी फुटेज निकलवाने पर अड़ गए।
फुटेज निकलवाए गए तो पोर्टेबल ऑक्सीजन कंसंट्रेटर हटाते हुए वार्ड बॉय दिखाई दिया। इसके बाद मेडिकल कॉलेज के डीन ने तर्क दिया कि मरीज को ऑक्सीजन की जरूरत ही नहीं थी, इसलिए नर्स के कहने पर वार्ड बॉय ने दूसरे मरीज के लिए ऑक्सीजन कंसंट्रेटर निकाल लिया। अस्पताल प्रबंधन के इन्हीं 2 अलग-अलग बयान से मामला न केवल संदिग्ध हो गया है बल्कि जिम्मेदारों की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े हो गए। हालांकि बाद में मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ अक्षय निगम ने पूरे मामले की जांच के लिए टीम गठित करने के आदेश दिए हैं।
कोविड वार्ड में भर्ती शिक्षक सुरेंद्र शर्मा का बेटा मंगलवार की रात 11 बजे घर चला गया था। इसके कुछ देर वार्ड बॉय पोर्टेबल ऑक्सीजन कंसंट्रेटर दूसरे मरीज के लिए निकाल ले गया। इसके बाद उनकी हालत बिगड़ती चली गई। फुटेज में देखने पर पता चल रहा है कि असहनीय पीड़ा होने पर सुरेंद्र शर्मा अपना सिर घुटनों के बीच फंसाते दिख रहे हैं तो कभी सिर पटकते दिख रहे हैं। न डॉक्टर आया और नहीं कोई अन्य स्टाफ।
सुबह 8 बजे वार्ड में पहुंचे बेटे दीपक शर्मा ने बताया कि पिता गंभीर हालत में थे। पिता के इलाज के लिए वार्ड के स्टाफ से मदद मांगी, लेकिन किसी ने मदद नहीं की। सुबह ड्यूटी डॉक्टर से बात की तो भी गंभीरता से नहीं लिया गया। स्ट्रेचर नहीं मिला तो पिता को पीठ पर लादकर आईसीयू में ले जाने की कोशिश की। इस दौरान एक युवक ने आकर पिता के पैर पकड़वाने में मदद जरूर की, लेकिन तब देर हो चुकी थी और उनकी मौत हो गई।
पिछोर के दुर्गापुर निवासी शिक्षक सुरेंद्र शर्मा को दो दिन से पहले भर्ती कराया गया था। परिजन का आरोप है कि मंगलवार की रात 11 बजे से बुधवार की सुबह तक गंभीर हालत में तड़प रहे मरीज को देखने के लिए न तो नर्स आई और न ही डॉक्टर।

More Stories
होर्मुज में भारतीय जहाज पर गोलीबारी के बाद भारत ने ईरानी राजदूत को किया तलब, दर्ज कराया विरोध
राज्यमंत्री श्रीमती गौर का सख्त रुख: लापरवाही पर एजेंसी को ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चारधाम यात्रा का किया शुभारंभ,19 को गंगोत्री यमुनोत्री, 22 को केदारनाथ व 23 को बद्रीनाथ के खुलेंगे कपाट