April 19, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

मध्यप्रदेश में कोरोना वायरस को देखते हुए परीक्षाओं के लिए लिया गया यह निर्णय

Madhya Pradesh : मध्य प्रदेश में बढ़ते कोरोना वायरस संक्रमण की वजह से अब 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं (Exam) जून में कराने का प्रस्ताव भेज दिया गया है। इस पर सिर्फ सीएम की मोहर लगनी बाकी है। 10वीं की परीक्षाएं 30 अप्रैल और 12वीं की परीक्षाएं एक मई से शुरू होनी थी। स्कूल शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार ने कहा कि कोरोना की दूसरी लहर खतरनाक होती जा रही है। ऐसे में परीक्षाएं करना संभव नहीं है।

इन परीक्षाओं की नई तारीखों का ऐलान बाद में किया जाएगा। गौरतलब है कि मध्य प्रदेश बोर्ड की तरफ से 10वीं और 12वीं की परीक्षाओं का टाइम टेबल ऑफिशियल वेबसाइट पर पहले ही जारी किया जा चुका था। स्कूल शिक्षा मंत्री ने कहा कि कई जिलों में कोरोना कर्फ्यू लगाया गया है। ऐसे हालातों में परीक्षाएं आयोजित कर बच्चों का जीवन खतरे में नहीं डाल सकते हैं। इसलिए 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं जून तक टाले जा रहे हैं। इसका प्रस्ताव भेजा गया है।

इसकी अधिकृत सूचना जल्द जारी करेंगे। इसको लेकर जल्द ही आदेश जारी किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 17 अप्रैल से प्रस्तावित प्रैक्टिकल की परीक्षाओं के लिए समय का बंधन समाप्त कर दिया गया है। बच्चे 2 या 3 दिन में अपनी सुविधा के अनुसार प्रैक्टिकल दे सकते हैं। इसके लिए 15 मई तक का समय दिया जा रहा है। परमार के मुताबिक ग्रामीण इलाकों में अभी भी कोरोना का असर बहुत ज्यादा नहीं हैए लिहाजा ग्रामीण स्कूलों में बच्चे प्रैक्टिकल दे सकते हैं।

मंत्री ने बताया कि प्रदेश के सभी सरकारी हॉस्टल को अगले आदेश तक के लिए बंद रखने का फैसला लिया गया है। उन्होंने कहा कि विभाग इसके आदेश भी जल्दी जारी कर देगा। इसमें केवल नवोदय स्कूल के हॉस्टल शामिल नहीं है। इनके लिए केंद्र सरकार फैसला लेगी। 1 से 8वीं तक के स्कूलों को 15 जून तक बंद रखने का निर्णय लिया गया है। इस संबंध में शिक्षा विभाग की ओर से जल्द आदेश जारी किया जाएगा।

Share to...