April 19, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

93 साल की उम्र में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मोतीलाल वोरा का निधन

Motilal Vora : कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मोतीलाल वोरा का 93 साल की उम्र में सोमवार को निधन हो गया। खराब सेहत की वजह से मोतीलाल वोरा (Motilal Vora) का दिल्ली के फोर्टिस एस्कॉर्ट हॉस्पिटल में इलाज चल रहा था। गौरतलब है कि कल ही उनका जन्मदिन भी था। मोतीलाल वोरा (Motilal Vora) को 2 दिन पहले ही अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इससे पहले वो कोविड-19 से भी संक्रमित हुए थे।

उस वक्त उनका इलाज एम्स, दिल्ली में किया गया था। इलाज के बाद वो ठीक हो गए थे और अस्पताल से डिस्चार्ज हो चुके थे। उनके निधन पर कांग्रेस के तमाम नेताओं ने अपना दुख प्रकट किया है। राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने अपने ट्वीट में लिखा कि वोरा जी एक सच्चे कांग्रेसी और अद्भुत इंसान थे। हम उन्हें बहुत मिस करेंगे। उनके परिवार और दोस्तों को मेरा प्यार और संवेदनाएं।

93 साल के मोतीलाल वोरा (Motilal Vora) अपने आखिरी 10 सालों में भी एक्टिव रहे। वोरा साहब को लोग प्यार से दद्दू भी बुलाते थे और उनके बारे में मशहूर था कि बतौर कोषाध्यक्ष वे पार्टी की पाई-पाई का हिसाब रखा रखते थे और एक पैसा भी आप फिजूल खर्च नहीं करा सकते थे। वोरा खुद एक पत्रकार रह चुके थे और कई अखबारों में उन्होंने अपनी पारी निभाई। यही वजह है कि वे पत्रकारों के बीच बेहद लोकप्रिय थे। हालांकि उन्हें पत्रकारों की गुगली से बचना खूब आता था और कभी भी किसी विवाद में नहीं पड़े।

पार्टी के हेड क्वार्टर में कोई रहे ना रहे मोतीलाल वोरा दस्तूर के तौर पर हर दिन पार्टी दफ्तर में जरूर आते थे। 24 अकबर रोड पर कोई भी मददगार या कार्यकर्ता आता था तो मोतीलाल वोरा से आसानी से मुलाकात कर सकता था। मोतीलाल वोरा ने लंबे समय तक कांग्रेस पार्टी के संगठन में काम किया। वह गांधी परिवार के वफादार माने जाते थे।

Share to...