यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को कानपुर में शहीद पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि इस घटना के जिम्मेदार अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा, हम पुलिसकर्मियों की शहादत को व्यर्थ नहीं जाने देंगे। इस दौरान सीएम योगी ने कहा कि सरकार की तरफ से इन शहीद पुलिसकर्मियों के परिवार के एक सदस्य को नौकरी व असाधारण पेंशन भी दी जाएगी। आर्थिक सहायता के रूप में सीएम योगी ने पुलिसकर्मियों के परिवार के लोगों को एक करोड़ रुपये देने का ऐलान किया।
कानपुर जिले के चौबेपुर में गुरूवार रात अपराधियों के साथ मुठभेड़ में एक पुलिस उपाधीक्षक समेत 8 पुलिस कर्मियों की शहीद हो गई। 5 पुलिस कर्मी, एक होमगार्ड जवान और एक आम नागरिक घायल हो गये। इस घटना के बाद शुक्रवार सुबह फरार अपराधियों की तलाश में जुटी कानपुर पुलिस ने एक अन्य मुठभेड़ में 2 बदमाशों को मार गिराया। अपराधियों के साथ मुठभेड़ में 8 पुलिसकर्मियों के मारे जाने के बाद कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी ने कानून व्यवस्था को लेकर प्रदेश सरकार पर सवालिया निशान लगाते हुये हमला बोल दिया है।
पुलिस द्वारा जारी बयान के अनुसार देर रात हुई मुठभेड़ में अपराधी पुलिस कर्मियों के हथियार भी छीन ले गये जिनमें एके 47 रायफल, एक इंसास रायफल, एक ग्लाक पिस्टल तथा 2 नाइन एमएम पिस्तौल शामिल है। पुलिस ने बताया कि शुक्रवार सुबह मारे गये 2 अपराधियों में से एक के पास से पुलिस से लूटा गया एक हथियार बरामद कर लिया गया है। कुछ आरोपी अब भी पुलिस की पकड़ से दूर हैं जिनकी तलाश पुलिस के साथ एसटीएफ भी कर रही है।
पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि चौबेपुर थाने के दिकरू गांव में रहने वाले हिस्ट्रीशीटर विकास दुबे को पकड़ने के लिए बृहस्पतिवार देर रात पुलिस टीम गयी थी। दुबे पर 60 आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस दल जैसे ही दुबे के छिपने के ठिकाने पर पहुंचा, अचानक छत से गोलियों की बौछार शुरू हो गई और पुलिस उपाधीक्षक देवेंद्र मिश्रा, 3 उप निरीक्षक और 4 कांस्टेबल की इस गोलीबारी में शहीद हो गए।

More Stories
जबलपुर में सनसनीखेज वारदात, सिविल इंजीनियर को दिनदहाड़े मारी गोली, हालत गंभीर
मिर्जापुर में भीषण सड़क हादसा, ट्रक ने कई वाहनों को मारी टक्कर, लगी आग, 11 लोगों की जलकर मौत
वर्षा जल संरक्षण में प्रदेश का जनजातीय जिला डिंडोरी देश में प्रथम स्थान पर, खंडवा देश में दूसरे स्थान पर