यूपी के हाथरस जिले में अन्य राज्यों से आए 35 लोगों को क्वारनटीन सेंटर पर रखा गया था। जहां से वो लोग रात में मौका देखकर फरार हो गए। हालांकि 6 लोग बाद में वापस आ गए, लेकिन 29 अभी भी गायब बताए जा रहे हैं, जिसके बाद 29 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया गया है।
उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस का संक्रमण पैर पसार रहा है। राज्य सरकार और प्रशासन इसे अब और फैलने से रोकने की पुरजोर कोशिश कर रहे हैं। केन्द्र सरकार ने भी इसी बात को ध्यान में रखते हुए 21 दिनों के लॉकडाउन की घोषणा की थी जो 14 अप्रैल तक चलेगा। इस बीच यूपी के हाथरस जिले से एक खबर सामने आई है कि एक क्वारनटीन सेंटर से करीब 35 कोरोना वायरस के संदिग्ध फरार हो गए हैं।
हाथरस जिले के थाना सादाबाद क्षेत्र के कस्बा बिसावर के प्राथमिक विद्यालय में अन्य राज्यों से आए 35 लोगों को क्वारनटीन किया गया था, लेकिन प्रशासन की लापरवाही के कारण सभी लोग रात में चकमा देकर मौके से फरार हो गए। जब यह मामला प्रशासनिक अधिकारियों के संज्ञान में आया है तो वह कार्यवाही की बात कह रहे हैं।
जिलाधिकारी द्वारा इन लोगों के खाने-पीने की और अन्य व्यवस्थाओं के लिए पंचायत सचिव को ड्यूटी पर लगाया गया था, लेकिन रात में खाना खाने के बाद पंचायत सचिव जैसे ही विद्यालय से अलग हुए, तभी यह लोग मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए।
जिलाधिकारी प्रवीण कुमार लक्षकार ने फरार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराने की बात कही है वहीं सरकारी काम में लापरवाही बरतने पर पंचायत सचिव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
हाथरस के जिला अधिकारी का कहना है कि यह लोग बाहरी राज्यों से आए थे, लेकिन यह गांव के आसपास के ही थे जो मौके का फायदा उठाकर अपने घरों को चले गए हैं, लेकिन बाद में 6 लोग वापस आ गए हैं। इस मामले में 29 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के आदेश दे दिए गए हैं और पंचायत सचिव को निलंबित कर दिया गया है।

More Stories
प्रसिद्ध फ़िल्म अभिनेता अनुपम खेर व अभिनेत्री शुभांगी दत्त बाबा महाकाल की भोग आरती में हुए शामिल
अभिनेता अमित भल्ला भस्मारती में हुए शामिल, किए बाबा महाकाल के दर्शन
अब तक 2938 स्थानों पर हुई जाँच, 4547 गैस सिलेण्डर किये गये जब्त