मध्य प्रदेश में कमलनाथ सरकार ने सोमवार को होने वाले फ्लोर टेस्ट से पहले कई कैबिनेट के फैसले लिए है जिसमें कोरोना से जुड़े भी फैसले भी शामिल है। कैबिनेट फैसले की जानकारी देते हुए मंत्री पीसी शर्मा ने बताया कि राज्य के कर्मचारियों का महंगाई भत्ता जुलाई 2019 से बढ़ाया गया है। इसके अनुसार सातवें वेतन आयोग का लाभ पाने वाले कर्मचारियों को 12 से 17 फीसदी का महंगाई भत्ता मिलेगा और छठे वेतन आयोग लाभ ले रहे कर्मचारियों को 10 फीसदी का महंगाई भत्ता मिलेगा।
मध्य प्रदेश मंत्री ने बताया कि रेत नियमों में भी संशोधन किया गया है। पहले निविदा देने की 3 दिन की अवधि होती थी, उसे बढ़ाकर 15 दिन किया गया है। उन्होंने कहा है कि कोरोना की वजह से सत्र होगा या नहीं इसका फैसला कैबिनेट की बैठक में नहीं लिया जा सकता है। इसका फैसला सोमवार को विधानसभा में ही लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि कैबिनेट की बैठक में चर्चा की गई कि हमारे विधायक जो जयपुर से आए हैं, उनका कोरोना टेस्ट किया जाना चाहिए।
पीसी शर्मा ने बताया कि मध्य प्रदेश में 700 विदेशियों की एंट्री हुई है और मजिस्ट्रेट व सीएमओ को इससे निपटने के आदेश जारी किए गए हैं। उन्होंने बताया कि राज्य में स्कूल, कॉलेज, सिनेमा हॉल, स्वीमिंग पूल सब बंद करने के आदेश जारी किए गए हैं। इतना ही नहीं 20 से ज्यादा लोग किसी जगह कार्यक्रम में शामिल होने पर भी रोक लगा दी गई है। 9312 लोगों की एयरपोर्ट पर स्कैनिंग की गई है। उन्होंने बताया कि आदिवासी नेता रामू टेकाम जो बैतूल से लोकसभा का चुनाव लड़े थे उनको स्टेट पीएसी का सदस्य बनाया गया है।

More Stories
यूपी एटीएस ने बड़ी आतंकी साजिश का किया भंडाफोड़, 2 युवकों को किया गिरफ्तार
मध्यप्रदेश पुलिस की बड़ी कार्रवाई, SIT–STF ने भोपाल में सक्रिय नेटवर्क का किया पर्दाफाश
जबलपुर में सनसनीखेज वारदात, सिविल इंजीनियर को दिनदहाड़े मारी गोली, हालत गंभीर