April 23, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

राम मंदिर ट्रस्ट के सदस्य मिले प्रधानमंत्री मोदी से, कल हुई थी बैठक

राम मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास समेत ट्रस्ट के सदस्यों ने आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उनके आवास लोक कल्याण मार्ग पर मुलाकात की। अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए हाल ही में गठित श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र की पहली बैठक बुधवार को हुई थी। ट्रस्ट के महासचिव विश्व हिंदू परिषद नेता चंपत राय और कोषाध्यक्ष स्वामी गोविंद देव गिरि भी बैठक में उपस्थित थे।

श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास ने कहा कि मंदिर निर्माण का कार्य एक-दो महीने में शुरू हो जाएगा। उन्होंने आशा जताई कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यकाल में ही अयोध्या में भव्य राम मंदिर बनकर तैयार हो जाएगा।

राममंदिर ट्रस्ट की पहली बैठक में मंदिर आंदोलन से जुड़े महंत नृत्यगोपाल दास को ट्रस्ट का अध्यक्ष जबकि पीएम मोदी के पूर्व प्रधान सचिव नृपेंद्र मिश्र को मंदिर निर्माण समिति की कमान सौंपी गई। वहीं विश्व हिंदू परिषद नेता चंपत राय को ट्रस्ट का महासचिव और स्वामी गोविंद गिरि कोषाध्यक्ष बनाया गया।

ट्रस्ट के कार्यकारी अध्यक्ष और वरिष्ठ वकील के परासरन के ग्रेटर कैलाश स्थित निवास पर हुई बैठक में 9 प्रस्ताव पारित किए गए। पहले महंत नृत्यगोपाल व चंपत राय को शामिल करने और अध्यक्ष व महासचिव बनाने का प्रस्ताव पास हुआ। इसके बाद, नृपेंद्र मिश्र के चयन पर मुहर लगी।

Share to...