संकटग्रस्त पंजाब एंड महाराष्ट्र सहकारी बैंक के जमाकर्ताओं के लिए मंगलवार को बड़ी राहत की खबर आई है। भारतीय रिजर्व बैंक ने धन निकालने की सीमा को बढ़ाकर 50,000 रुपए कर दिया है। इससे पहले निकासी की सीमा 40,000 रुपए थी।
आरबीआई ने अपने बयान में कहा है कि भारतीय रिजर्व बैंक ने बैंक की तरलता स्थिति की समीक्षा करने और जमाकर्ताओं को भुगतान की इसकी क्षमता को देखने के बाद निकासी की सीमा बढ़ाकर 50,000 रुपए करने का फैसला किया है। इससे पहले आरबीआई ने 40,000 रुपए तक निकालने की अनुमति दी थी।
आरबीआई के इस कदम के बाद 78 प्रतिशत से अधिक बैंक के जमाकर्ता अपने खाते से संपूर्ण राशि निकालने में सक्षम होंगे। पीएमसी बैंक के ग्राहकों के लिए निकासी प्रक्रिया को भी आसान बनाते हुए आरबीआई ने जमाकर्ताओं को बैंक के स्वयं के एटीएम से निर्धारित सीमा 50,000 रुपए तक की निकासी करने की अनुमति दी है।
आरबीआई ने कहा कि वह स्थिति पर नजर रखे हुए है और बैंक के जमाकर्ताओं के हितों की रक्षा के लिए जो भी जरूरी कदम होंगे वह उठाए जाएंगे। पंजाब एंड महाराष्ट्र सहकारी बैंक, जो शीर्ष 10 शहरी सहकारी बैंकों में से एक है, 23 सितंबर से आरबीआई प्रशासक के अधीन है। बैंक ने एचडीआईएल को 6500 करोड़ रुपए का ऋण गलत तरीके से दिया है, जो बैंक के कुल ऋण का 73 प्रतिशत है। एचडीआईएल अब दिवालिया हो चुकी है।
पीएमसी बैंक खाताधारकों को मिली बड़ी राहत, आरबीआई ने धन निकासी सीमा बढ़ाई

More Stories
यूपी एटीएस ने बड़ी आतंकी साजिश का किया भंडाफोड़, 2 युवकों को किया गिरफ्तार
मध्यप्रदेश पुलिस की बड़ी कार्रवाई, SIT–STF ने भोपाल में सक्रिय नेटवर्क का किया पर्दाफाश
जबलपुर में सनसनीखेज वारदात, सिविल इंजीनियर को दिनदहाड़े मारी गोली, हालत गंभीर