April 19, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

अंधेरे में नक्सली एरिया में 2 किमी पैदल चले सीएम रघुवर दास

झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवरदास को पलामू में हेलिकॉप्टर के उड़ान न भर पाने की वजह से नक्सल प्रभावित लातेहर के जंगलों के रास्ते 2 किमी पैदल चलना पड़ा। भाजपा प्रत्याशी का नामांकन कराने पहुंचे सीएम के चौपर को उड़ान भरने में अंधेरा हो गया था। ऐसे में वे कार से रांची रवाना हो रहे थे। रास्ते में कार पंक्चर हो जाने की वजह से वह सुरक्षाकर्मियों के साथ चल दिए।
मुख्यमंत्री रघुवर दास शनिवार को हेलिकॉप्टर से पलामू गए थे। यहां वे भाजपा प्रत्याशी वीडी राम के नामांकन में शामिल हुए। उन्हें वहीं से देवघर जाना था, क्योंकि रविवार को बूथ कमेटी और प्रत्याशियों के साथ बैठक होनी है। शाम में मौसम खराब होने पर पायलट ने हेलिकॉप्टर से उड़ान भरना खतरनाक बताया। तब सीएम ने सड़क मार्ग से रांची जाने की बात कही। इस पर वीडी राम ने गाड़ी मंगवाई। सीएम समेत भाजपा के संगठन महामंत्री धर्मपाल, रांची सीट से भाजपा प्रत्याशी संजय सेठ गाड़ी से रांची रवाना हुए। लेकिन मनिका पहुंचने से पहले ही गाड़ी पंक्चर हो गई।
सीएम के पूछने पर बताया गया कि पंक्चर बनाने वाली दुकान वहां से करीब 2 किमी दूर है। इस पर उन्होंने कहा कि मिस्त्री बुलाकर पंक्चर बनवाएं, तब तक हम लोग पैदल आगे बढ़ रहे हैं। जानकारी मिलने पर मनिका विधायक हरेकृष्ण सिंह बाइक से उनके पास पहुंचे।

Share to...