April 26, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

यूपी में सोमवार से सिपाहियों को बड़े अधिकारी देंगे ट्रेनिंग

लखनऊ में एपल के मैनेजर विवेक तिवारी हत्याकांड के बाद उत्तर प्रदेश डीजीपी ने पूरी राज्य में सिपाहियों की विशेष ट्रेनिंग करवाने का फैसला किया है। इसमें उन्हें वर्दी का गरुर दूर करने के साथ लोगों से पेश आने के तौर-तरीके सिखाए जाएंगे। ट्रेनिंग सोमवार से लखनऊ में शुरू होगी। पहले चरण में 6 हजार सिपाही शामिल होंगे। गौरतलब है कि लखनऊ में विवेक तिवारी को पुलिस के एक कांस्टेबल ने इसलिए गोली मार दी थी क्योंकि उन्होंने उसके कहने पर अपनी कार नहीं रोकी थी। इस घटना के बाद से उत्तर प्रदेश पुलिस की छवि पर गहरा धक्का लगा है साथ ही योगी सरकार की भी अच्छी-खासी किरकिरी हुई। इस मुद्दे पर डीजीपी ओपी सिंह ने कहा कि हां सही बात है, मैं यह मानता हूं कि कैसे पुलिस को किसी कार या वाहन को रोकना है। कैसे उसे सर्च करना है। हमारा टैक्टिकल ऑपरेशन क्या होगा। इन सब चीजों का ध्यान रखना जरूरी है। हमारा उस समय मूवमेंट और ध्यान में होगा, हमारी ट्रेनिंग का हिस्सा होगा।
गौरतलब है कि विवेक तिवारी हत्याकांड से पहले भी पुलिस कई वजहों से बदनाम रही है। एंटी रोमियो मुहिम में ही पुलिस ने कई लोगों की खुलेआम बेइज्जती की, नोएडा में एक सब-इंन्सपेक्टर ने फर्जी एनकाउंटर में जिम ट्रेनर को गोली मार दी, मुरादाबाद में थाने के अंदर प्रेमी जोड़े की पिटाई कर दी, हापुड़ में मॉब लिचिंग में संवेदनहीनता दिखाई, अलीगढ़ में लाइव एन्काउंटर शूट किया गया और मेरठ में एक छात्र को इसलिए पीटा गया क्योंकि उसकी दोस्त किसी दूसरे धर्म की थी।
इन सवालों पर डीजीपी ओपी सिंह ने भी माना कि अगर कोई पुलिसकर्मी ऐसी सोच रखता है तो वह हमारे लिए बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने बताया कि सोमवार से लखनऊ में एडीजी राजीव कृष्णा ट्रेनिंग कराएंगे जिन्होंने खुद कोर्स तैयार किया है। ओपी सिंह ने कहा कि वह खुद इसमें स्वयं लेक्टर देंगे। करीब 20 बैच चलाए जाएंगे। इसमें आईजी, एसएसपी, एडिश्ननल एसपी और सीओ वो सब इसमें लेक्चर देंगे।

Share to...