April 19, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

कांग्रेस ने बोला शाह और मोदी पर जमकर हमला, बोले खिसियानी बिल्ली खंभा नोचे

कर्नाटक में हालिया राजनीतिक घटनाक्रमों को लेकर भाजपा अध्यक्ष अमित शाह द्वारा निशाना साधे जाने के बाद कांग्रेस ने जमकर पलटवार किया। कांग्रेस ने कहा कि राज्य में सत्ता हासिल करने के लिए धनबल और सरकारी एजेंसियों का दुरुपयोग करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और शाह को देश की जनता से माफी मांगनी चाहिए।
पार्टी के वरिष्ठ प्रवक्ता आंनद शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह को चुनाव में धन के उपयोग को लेकर उपदेश देने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। उन्होंने कहा कि संवैधानिक नियमों की धज्जियां उड़ाने के लिए प्रधानमंत्री मोदी और भाजपा अध्यक्ष को माफी मांगनी चाहिए। शर्मा ने आरोप लगाया कि ये प्रधानमंत्री नहीं बल्कि ऐसे प्रचार मंत्री हैं, जिनसे प्रचार में मुकाबला करना मुश्किल है।
शर्मा ने कहा कि 26 मई को 4 साल पूरा होने पर मोदी को कोई जश्न नहीं, बल्कि प्रायश्चित दिवस के तौर पर मनाना चाहिए और देश को धोखा देने के लिए माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कर्नाटक प्रकरण में भाजपा के दोहरे मापदंड और सत्ता की भूख को सबने देखा, लेकिन विधायक अपनी विचारधारा पर खड़े रहे और भाजपा के मंसूबे विफल रहे। आनंद शर्मा ने कहा कि उम्मीद थी कि शाह आज माफी मांगने के लिए प्रेस वार्ता करेंगे, लेकिन ये लोग इतनी मोटी चमड़ी के हैं कि इनको शर्म नहीं है। इनको विधायकों को अगवा करने, पैसे के इस्तेमाल और सरकारी एजेंसियों के दुरुपयोग के लिए कर्नाटक और देश की जनता से माफी मांगनी चाहिये।
कांग्रेस नेता ने कहा कि अमित शाह कह रहे हैं कि अगर विधायक रिजॉर्ट में नहीं होते तो नतीजा कुछ और होता। किस तरह से नतीजा और होता? मैं सिर्फ मिसाल के तौर पर रहा हूं कि खिसियानी बिल्ली खंभा नोचे। उन्होंने दावा किया कि इन लोगों को प्रजातंत्र में कितना विश्वास है यह कर्नाटक में स्पष्ट हो गया। भाजपा ने कर्नाटक में लगभग 6500 करोड़ रुपये खर्च किये। अपने हर प्रत्याशी को 20-20 करोड़ रुपये दियेण् जांच होनी चाहिए कि ये पैसे कहां से आया हैं।

Share to...