नरेंद्र मोदी ने शनिवार को श्रीनगर में कहा कि विदेशी ताकतें जम्मू-कश्मीर का विकास नहीं चाहतीं। लेकिन राज्य की समस्याओं का समाधान विकास से ही संभव है। राज्य को केंद्र से दिए गए पैकेज का आधा हिस्सा सड़कों के निर्माण पर ही खर्च किया जा रहा है। मोदी ने घाटी के भटके युवाओं से मुख्यधारा में लौटने की अपील की। इससे पहले प्रधानमंत्री ने किशनगंगा हाईड्रो पावर प्रोजेक्ट देश को समर्पित किया और लेह-लद्दाख क्षेत्र से जोड़ने वाली एशिया की सबसे लंबी टू-लेन जोजिला सुरंग परियोजना का शिलान्यास किया। वे लेह में बौद्ध धर्मगुरु की जन्मशती के समापन समारोह में भी शामिल हुए।
मोदी ने श्रीनगर में कहा कि विदेशी ताकतें नहीं चाहती हैं कि जम्मू-कश्मीर का विकास हो। हमारी सरकार रास्ते से भटके युवाओं को मुख्यधारा में लाने की कोशिश कर रही है। इस युवा पीढी पर बड़ी जिम्मेदारी है। कश्मीर के युवाओं के द्वारा उठाया गया हर हथियार विकास को रोकता है। दुनिया की ऐसी ताकत नहीं जो भाई को भाई से अलग कर सके। मां का दूध सबको बराबर मिलता है।
ये उस परंपरा की धरती है, जो दुनिया में कहीं नहीं है। कश्मीरित के अटल जी भी कायल रहे हैं और मोदी भी इसका मुरीद है। मैं तो पहले भी कह चुका हूं कि यह समस्या न गाली से हल होगी और न ही गोली से। रमजान के महीने में सीजफायर का फैसला लेना इसी का उदाहरण है।
मोदी ने जोजिला सुरंग के शिलान्यास के दौरान कहा कि केंद्र की योजनाओं से इस क्षेत्र की इकोनॉमी को नई ताकत मिलेगी। जोजिला टनल प्रोजेक्ट उन्नत टेक्नोलॉजी का भी बड़ा उदाहरण है। मुझे बताया गया कि टनल में 7 कुतुबमीनार जितनी ऊंचाई वाली व्यवस्था बनाई गई है, ताकि अंदर की हवा शुद्ध रह सके।
लेह-लद्दाख की महिलाओं में जो सामर्थ्य है वो देखने लायक है। देश की यूनिवर्सिटी को अध्ययन करना चाहिए कि ऐसे दुर्गम इलाके जो 6-7 महीने के लिए दुनिया से कट जाते हैं उन परिस्थितियों में यहां की माताएं और बहनें जीवन भी चलाती हैं, अर्थव्यवस्था भी चलाती हैं, ये देश के लिए गौरव की बात है, मैं इन्हें नमन करता हूं।
विदेशी ताकतें नौजवान को भटका रही, लेह की महिलाओं को करता हूं नमन: मोदी

More Stories
जबलपुर में सनसनीखेज वारदात, सिविल इंजीनियर को दिनदहाड़े मारी गोली, हालत गंभीर
मिर्जापुर में भीषण सड़क हादसा, ट्रक ने कई वाहनों को मारी टक्कर, लगी आग, 11 लोगों की जलकर मौत
वर्षा जल संरक्षण में प्रदेश का जनजातीय जिला डिंडोरी देश में प्रथम स्थान पर, खंडवा देश में दूसरे स्थान पर