April 19, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

मध्यप्रदेश में माध्यमिक शिक्षा मंडल के परिणाम घोषित, सीएम दी बधाई

मध्यप्रदेश में आज माध्यमिक शिक्षा मंडल ने 10वी और 12वीं कक्षाओं के परिणाम घोषित किए है। जिसकी घोषणा मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने की। हाई स्कूल का परीक्षा परिणाम 66.54 प्रतिशत और हायर सेकेण्डरी का परीक्षा परिणाम 68.07 प्रतिशत रहा। हाई स्कूल परीक्षा की मेरिट सूची में 98 छात्राएं और 83 छात्र वहीं हायर सेकेण्डरी की मेरिट सूची में 71 छात्राएं और 62 छात्रों ने स्थान प्राप्त किया।
मुख्यमंत्री चौहान ने सभी सफल विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों और शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि विद्यार्थियों ने सफलता का इतिहास लिखा है। उन्होंने कहा कि इस साल का परीक्षा परिणाम पिछले साल की अपेक्षा ज्यादा अच्छा है। सीएम चौहान ने उम्मीद के अनुरूप सफलता प्राप्त नहीं कर सके विद्यार्थियों से कहा कि वे किसी भी प्रकार से हताश, निराश या उदास नहीं हों। जीवन में आगे बढ़ने के अनेक अवसर उपलब्ध हैं। आगे और बेहतर प्रयास करें तथा आगे बढ़े।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मेधावी विद्यार्थी प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत जो विद्यार्थी 70 प्रतिशत से ज्यादा अंक लायेंगे, उन्हें उच्च शिक्षा के लिए किसी भी संस्थान में प्रवेश लेने पर उनकी फीस राज्य सरकार भरेगी। उन्होंने कहा कि पैसों के अभाव में किसी भी विद्यार्थी के सपनों को अधूरा नहीं रहने देंगे। उन्होंने परीक्षाओं में बेटियों के आगे रहने पर प्रसन्नता जाहिर करते हुए कहा कि बेटियों को आगे बढ़ायें, बेटियाँ किसी से कम नहीं हैं।
माध्यमिक शिक्षा मंडल को समय पर रिजल्ट घोषित करने और निर्विघ्न रूप से परीक्षाएँ सम्पन्न कराने के लिये बधाई दी। उन्होंने शासकीय शालाओं के शिक्षकों को भी बधाई दी, जिनके अथक परिश्रम से शासकीय स्कूलों का परीक्षा परिणाम निजी स्कूलों के परीक्षा परिणाम से उत्कृष्ट रहा है। उन्होंने कहा कि अच्छा परिणाम देने वाले जिलों और शालाओं के शिक्षकों को सम्मानित करने के लिये अलग से कार्यक्रम आयोजित किया जायेगा।
इस बार हाई स्कूल परीक्षा में 11 लाख 3 हजार 852 विद्यार्थी बैंठे थे। इनमें से 66.54 प्रतिशत विद्यार्थी सफल रहे। पिछले साल की तुलना में यह 16.8 प्रतिशत अधिक हैं। इनमें 64 प्रतिशत छात्र और 69 प्रतिशत छात्राएं हैं। प्रावीण्य सूची में 98 छात्राएं और 83 छात्र ने स्थान प्राप्त किया है। नीमच और देवास जिलों से पास होने वाले बच्चों की संख्या सर्वाधिक है।
हायर सेकेण्डरी परीक्षा में 7 लाख 44 हजार विद्यार्थी शामिल हुए थे, जिनमें से 68.07 प्रतिशत सफल हुए हैं। प्रावीण्य सूची में 71 छात्राएं और 62 छात्र शामिल हैं। 12वीं में भी नीमच और दमोह जिलों से सर्वाधिक विद्यार्थी पास हुए हैं। उन्होंने बताया कि 23 हजार विद्यार्थियों ने 75 प्रतिशत और 85 प्रतिशत से ज्यादा अंक प्राप्त किये हैं । इसमें 12 हजार 871 विद्यार्थियों ने 85 प्रतिशत से ज्यादा अंक हासिल किये और 10 हजार 469 विद्यार्थियों ने 75 प्रतिशत से ज्यादा अंक हासिल किये।
मूकबधिर श्रेणी में हाई स्कूल परीक्षा में भिण्ड की सुश्री दीक्षा शर्मा प्रथम, ग्वालियर के सार्थक चितले द्वितीय और धार के कृष्णा गुप्ता तृतीय स्थान पर रहे। दृष्टिबाधित और मानसिक रूप से विकलांग श्रेणी में हाई स्कूल में सागर के भूपेन्द्र सिंह ठाकुर प्रथम, इंदौर के अक्षत द्वितीय और सागर के प्रहलाद दांगी तृतीय स्थान पर रहे।
हाई स्कूल की मेरिट सूची में प्रथम 10 में स्थान प्राप्त करने वालों में विदिशा की कुमारी अनामिका साध और शाजापुर के हर्षवर्धन परमार प्रथम रहे। उमरिया के सुभाष प्रसाद पटेल, उमरिया के प्रभात शुक्ला, आगर मालवा के संयम जैन, राजगढ़ के राधेश्याम सोंधिया द्वितीय स्थान पर रहे। बुरहानपुर के चितवन नाईक, बुरहानपुर की कुमारी आयुषी शाह, नरसिंहपुर की कुमारी साक्षी लोधी और छतरपुर की कुमारी प्रिया साहू ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

Share to...