April 25, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

कर्नाटक चुनाव प्रचार के दौरान मोदी ने राहुल को याद दिलाए 15 मिनट

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज कर्नाटक में चुनाव प्रचार कर रहे हैं। मंगलवार को पीएम मोदी ने मंगलवार को सबसे पहले चामराजनगर में चुनावी रैली को संबोधित किया और फिर उडुपी पहुंचे। अब पीएम मोदी बेलगावी में चुनावी रैली को संबोधित कर रहे हैं। रैली में भीड़ को देखकर गदगद पीएम मोदी ने कहा कि जो अपने आप को राजनीतिज्ञ समझते हैं, अगर वो दृश्य देख लें, तो उनको समझ में आ जाएगा कि 15 मई को किसकी सरकार बनने जा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के खिलाफ जनता-जनार्दन का आक्रोश यहां साफ नजर आ रहा है।
मोदी ने कहा कि मैं हिंदुस्तान से भ्रष्टाचार खत्म करने निकल पड़ा हूं और इसमें मुझे आपकी मदद चाहिए। उन्होंने कहा कि कर्नाटक की जनता चुनाव में बढ़-चढ़कर हिस्सा ले और बीजेपी को जिताए, ताकि सूबे को एक अच्छी सरकार मिल सके। मोदी ने कहा कि आज दुनिया भर में भारत का डंका बज रहा है। इसकी वजह यह है कि देश की जनता ने पूर्ण बहुमत की सरकार बनाई है। उन्होंने कहा कि जनता ही सरकार की मालिक है। अगर स्पष्ट बहुमत मिलेगा, तो कोई बहाना नहीं होगा और आप हिसाब मांग सकेंगे। उन्होंने कहा कि लोकसभा में जो कमी रह गई है, उसको इस चुनाव में पूरी कीजिए, ताकि बीजेपी को शानदार जीत मिल सके।
अपने भाषण में मोदी ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष जी ने हाल ही में मुझे चुनौती दी। उन्होंने कहा कि अगर मैं संसद में 15 मिनट बोलूंगा तो मोदी जी बैठ भी नहीं पाएंगे। वे 15 मिनट बोलेंगे, ये भी बहुत बड़ी बात है और मैं बैठ भी नहीं पाऊंगा। ये सुनकर मुझे याद आता है कि वाह क्या सीन है। कांग्रेस के श्रीमान अध्यक्ष जी आप ने सही फरमाया है। हम आपके सामने नहीं बैठ सकते, आप तो नामदार हैं और हम कामदारों की क्या हैसियत कि हम आपको सामने बैठ पाए। हम तो अच्छे कपड़े भी नहीं पहन सकते आपके सामने बैठने का हक़ हमें कहां से हो सकता है।
उन्होंने राहुल गांधी को मंच से चुनौती दी कि एक काम करो, आप इस चुनाव अभियान के दौरान कर्नाटक में, आपको जो भाषा पसंद हो, उस भाषा में। हिंदी बोल सके तो हिंदी, अंग्रेज़ी बोल सके तो अंग्रेज़ी। आपकी माता जी की भाषा बोल सके तो मातृ भाषा। आप 15 मिनट हाथ में कागज़ लिए बिना कर्नाटक की आपकी सरकार की अचीवमेंट्स कर्नाटक की जनता के सामने बोल दीजिए।

Share to...