April 22, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

मेट्रो के दीवारतोड़ करनामे से डीएमआरसी ने प्रभारी समेत 4 को किया सस्पेंड

दिल्ली मेट्रो की नई मेजेंटा लाइन पर मंगलवार को हुए हादसे के बाद डीएमआरसी ने कालिंदी कुंज डिपो प्रभारी समेत 4 कर्मचारियों को सस्पेंड कर दिया है। कल ट्रायल के दौरान ट्रेन हादसे की शिकार हो गई थी, हादसा कालिंदी कुंज डिपो में ट्रेन के मेंटेनेंस के दौरान हुआ। कालकाजी से नोएडा को बोटानिकल गार्डन के बीच इस ट्रेन को 25 दिसंबर से चलाया जाना है।
इस लाइन पर पिछले 6-7 महीनों से ट्रेनों का ट्रायल किया जा रहा है, लेकिन मंगलवार को दोपहर ट्रायल के बाद जब ट्रेन को मेंटेनेंस के दौरान वाशिंग के लिए शेड में लाया गया, तो यहां ट्रेन स्लोप पर बने ट्रैक से आगे बढ़ गई और दीवार से जा टकराई। इससे दीवार टूट गई और मेट्रो दीवार के बाहर जा पहुंची। गनीमत यह रही कि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ।
डीएमआरसी ने एक बयान जारी कर कहा था कि यह हादसा मानवीय भूल का नतीजा है, क्योंकि मेंटेनेंस के दौरान ट्रेन के ब्रेक डिसेबल कर दिए जाते हैं और शेड से बाहर निकालते वक्त फिर से ब्रेक को एक्टिवेट किया जाता है, लेकिन इस मामले में ऐसा नहीं हो पाया और ट्रेन हादसे का शिकार हो गई।

Share to...