April 21, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

गुजरात चुनाव : मतदान से पहले हार्दिक को झटका, बामनिया ने साथ छोड़ा

गुजरात विधानसभा चुनाव के लिए मतदान से ठीक एक दिन पहले पाटीदार नेता हार्दिक पटेल को एक और करारा झटका लगा है। हार्दिक पटेल के करीबी नेता और पाटीदार अनामत आंदोलन समिति के संयोजक दिनेश बामनिया ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। बामनिया से पहले भी कई पाटीदार नेता हार्दिक का साथ छोड़ चुके हैं।
इससे पहले भी बामनिया कांग्रेस और हार्दिक पटेल के बीच चुनावी करार के दौरान टिकट बंटवारे को लेकर सवाल उठा चुके हैं। साथ ही कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन भी कर चुके हैं। पास से इस्तीफा देने के बाद बामनिया ने हार्दिक पटेल और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। इस दौरान उन्होंने सेक्स सीडी को लेकर भी हार्दिक पटेल और कांग्रेस के घोषणा पत्र को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने ओबीसी कोटे में आरक्षण का वादा नहीं किया है।
दिनेश बामनिया ने कहा कि पाटीदार आरक्षण पर कांग्रेस और हार्दिक पटेल का रुख साफ नहीं है। इसके साथ ही हार्दिक पटेल का साथ छोड़ने वाले पाटीदार नेताओं की फेहरिस्त लंबी होती जा रही है। इससे पहले केतन पटेल, चिराग पटेल, वरुण पटेल और रेशमा पटेल हार्दिक पटेल का साथ छोड़ चुके हैं। बामनिया हार्दिक पटेल की कोर कमेटी के भी सदस्य थे। हार्दिक पटेल के साथ उन पर भी देशद्रोह का मुकदमा चल रहा है।

Share to...