April 25, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

हसीना के घर बिरयानी खा रहा था कासकर, तभी ले गई पुलिस

अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम का भाई इकबाल कासकर गिरफ्तार हो गया है। जबरन वसूली के एक मामले में ठाणे पुलिस की एंटी एक्सटॉर्शन सेल ने इकबाल कासकर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इकबाल के साथ 4 और लोगों को गिरफ्तार किया है। सभी को आज कोर्ट में पेश किया जाएगा। विवादों में रहे एनकाउंटर स्पेशलिस्ट प्रदीप शर्मा ने उसे पूछताछ के लिए गिरफ़्तार किया है। इकबाल पर अपने भाई के नाम से जबरन वसूली करने का आरोप है। ठाणे, उल्हासनगर और डोम्बिवली के बिल्डरों से जबरन वसूली की खबरें आ रही थीं। उन्ही में से एक बिल्डर ने सीधे ठाणे पुलिस आयुक्त परमबीर सिंह से शिकायत की जिसके बाद ठाणे एंटी एक्सटॉर्शन सेल ने जांच कर कार्यवाही की और मुंबई के नागपाड़ा से कासकर को गिरफ्तार किया है।
इकबाल कासकर को जब गिरफ्तार किया गया तो वह हसीना पारकर के घर टीवी देखते हुए बिरयानी खा रहा था। पुलिस ने बताया कि उन्होंने पीड़ित से 4 फ्लैट और 3 लाख कैश लिया। एक आरोपी उसी फ्लैट में रह रहा था। एक संदिग्ध ड्रग डीलर को भी पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।

Share to...